सचिन ने कश्मीर की एक नन्हीं बच्ची का क्रिकेट खेलने का वीडियो जारी किया
Apr 02, 2024
नई दिल्ली । महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने जम्मू-कश्मीर के एक ग्रामीण इलाके का वीडियो जारी किया है, इसमें एक 9 साल की एक छोटी सी बच्ची हुरमत इरशाद भट क्रिकेट खेलती हुई दिख रही है। हुरमत इस वीडिया में शानदार शॉट और चौके-छक्के लगाती हुई दिख रही है। तेंदुलकर के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने के बाद से ही सोपोर की हुरमत को जानने वालों की तादाद तेजी से बढ़ गयी है। इस नन्हीं सी क्रिकेटर ने इस वीडियो में बताया कि वह कक्षा तीन में पढ़ती है और मैदान में लड़कों के साथ क्रिकेट खेलती है। हुरमत ने कहा, मुझे क्रिकेट खेलने का बहुत शौक है। मैं आगे चलकर कश्मीर और अपने देश का नाम रौशन जरूर करूंगी। तेंदुलकर ने इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा था कि लड़कियों को क्रिकेट खेलते हुए देखना हमेशा ही अच्छा लगता है। ऐसे वीडियो देखकर बेहद खुशी होती है।
वहीं हुरमत के पिता इरशाद अहमद ने कहा कि उन्हें यह देखकर बहुत खुशी हुई कि उनकी बेटी का वीडियो स्वयं तेंदुलकर ने साझा किया है। ह वीडियो जिसने भी देखा, वह बहुत खुश है। इसके बाद से ही इस नन्हीं सी क्रिकेटर के पास बहुत से फोन आने लगे। सभी ने कहा कि आपकी बच्ची बहुत अच्छा खेल रही है। इरशाद के पिता ने आगे कहा कि उनका गांव सुदूर इलाके में स्थित है और यहां खेल के मैदान सहित बुनियादी चीजों की कमी है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी भारत के लिए क्रिकेट खेलना चाहती है।
वहीं स्थानीय क्रिकेटर शहजाद अहमद डार ने हुरमत इरशाद के इस वायरल वीडियो पर कहा कि हमारे गांव की हुरमत इरशाद भट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हमें बहुत खुशी हो रही है। हम पहले से यहां खेलते आ रहे हैं, पहले जब हम हुरमत को खेलते हुए देखते थे, तो वह बाहर से गेंद उठाती थी। हमने देखा कि इसमें कुछ हुनर है। एक-दो दिन पहले हमने हुरमत का वीडियो डाला तो बहुत से लोगों ने इसको री-पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि हमारी खुशकिस्मती है कि खेल जगत की इतनी बड़ी हस्ती ने अपने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को पोस्ट किया। ये हमारे गांव के लिए बहुत अच्छा है।