सचिन ने जीत का श्रेय बुमराह को दिया
Jan 05, 2024
मुम्बई । महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में जीत का श्रेय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी को दिया है। उन्होंने कहा कि बुमराह के लगातार सही लाइन एवं लेंथ में गेंदबाजी करने से टीम फायदे में रही। बुमराह ने दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में 13.5 ओवर में ही 61 रन देकर छह विकेट लिए जिससे मेजबान टीम दूसरी पारी में 176 रन ही बना पायी। इस प्रकार भारतीय टीम को जीत के लिए केवल 79 रन का लक्ष्य मिला। भारतीय टीम ने ये लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। तेंदुलकर ने कहा, ‘‘बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की, उन्होंने हमें दिखाया कि इस तरह के विकेट पर भी लगातार सही लाइन एवं लेंथ में गेंदबाजी से कितना फर्क पड़ता है।’’ तेंदुलकर ने साथ ही शतक लगाने वाले दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज ऐडन मार्कराम की भी प्रशंसा की। तेंदुलकर ने कहा, ‘‘मार्कराम का जज्बा शानदार था क्योंकि इस तरह की पिच पर रक्षात्मक होना ही सर्वश्रेष्ठ आक्रमण होता है।’’
वहीं पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को दुनिया का सबसे खतरनाक गेंदबाजी आक्रमण बताते हुए कहा, ‘‘आप करो तो चमत्कार, हम करें तो पिच बेकार। 107 ओवर में टेस्ट मैच खत्म। इससे साबित होता है कि अगर तेज गेंदबाजों को पिच से कुछ मदद मिलती है तो हमारा गेंदबाजी आक्रमण काफी खतरनाक है। बुमराह और सिराज शानदार थे और यह 2024 की अच्छी शुरूआत है।’’ सहवाग ने ये बात मेजबान टीम के कोच को लेकर कही थी जिन्होंने पिच को बेकार बताया था।