सचिन ने पैरा क्रिकेटर आमिर को प्रेरणास्रोत बताया
Mar 08, 2024
मुम्बई । मास्टर बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने जम्मू-कश्मीर पैरा टीम के कप्तान आमिर हुसैन लोन की जमकर प्रशंसा की है। सचिन ने कहा कि आमिर का व्यक्तित्व प्रेरणादायक है। आमिर जब 8 साल के थे तभी एक हादसे में उन्होंने अपने हाथ खो दिये थे। इसके बाद भी आमिर ने हार नहीं मानते हुए खेलना शुरु किया। इसी की बदौलत वह पिछले एक दशक से पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर खेले रहे हैं। एक शिक्षक ने उनकी क्रिकेट प्रतिभा का पहचान कर उन्हें पैरा क्रिकेट खेलने को प्रेरित किया था। सचिन ने सोशल मीडिया पर लिखा, हर डिलीवरी के साथ बाधाओं को पार करते हुए, आमिर असली लेग स्पिनर के रूप में सामने आये हैं। वह सबके लिए प्रेरणास्रोत हैं।
गौरतलब है कि इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग 2024 (आईएसपीएल) के शुरुआती मैच में सचिन और आमिर ने एकसाथ खेला था। सचिन हाल ही में गुजरात जाइंट्स की टीम से मिलने और प्रतिष्ठित एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में उनका खेल देखने के लिए बेंगलुरु में थे। इसको लेकर आमिर ने कहा कि यह पहली बार है जब मैं एम चिन्नास्वामी स्टेडियम का दौरा कर रहा हूं और मैं बहुत खुश हूं कि गुजरात जायंट्स ने मुझे बुलाया है।
आमिर विराट कोहली को अपना आदर्श मानते हैं। इस खिलाड़ी ने कहा कि वह टीम से मिलकर खुश हैं।