(मुम्बई) एशिया कप में रोहित , विराट सहित सभी अनुभवी खिलाड़ियों को उतारेगा भारत

 इसी माह के अंत में होने वाले एशिया कप में किस खिलाड़ी को भारतीय टीम में जगह मिलेगी और कौन सा खिलाड़ी बाहर होगा। इसकी अटकलें जारी हैं। इसी बीच भारतीय टीम के पूर्व कोच लालचंद राजपूत ने कहा है कि भारत इन खेलों में अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम उतारेगा। 

राजपूत ने एशिया कप के लिए अपनी पसंदीदा टीम भी बनायी है। राजपूत ने इसमे रोहित शर्मा सहित सभी अनुभवी खिलाड़ियों को जगह दी है। राजपूत ने कहा, ‘रोहित इस टूर्नामेंट में जरूर खेलेंगे क्योंकि इसमें उन्हें इससे अपने अब तक के प्रयोग को जांचने-परखने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा पूर्व कप्तान विराट कोहली और लोकेश राहुल की वापसी भी तय है। इसके अलावा सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक व दीपक हुड्डा को भी टीम में जगह मिलेगी। हुड्डा ने हाल में बेहतर प्रदर्शन किया है और वह श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, ईशान किशन जैसे बल्लेबाजों पर भारी पड़े हैं। 

ऑलराउंडरों की बात करें तो हार्दिक पंड्या और रवींद्र जडेजा का नाम 15 सदस्यीय टीम के साथ-साथ अंतिम ग्यारह में भी पक्का नजर आ रहा है। वहीं अक्षर पटेल तीसरे ऑलराउंडर के तौर पर शामिल हो सकते हैं।

पूर्व कोच के अनुसार टीम इंडिया की गेंदबाजी लाइनअप भी तय है। तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार का चयन करीब तय है। नए गेंदबाजों की बात करें तो अर्शदीप सिंह का दावा बेहद मजबूत है। अर्शदीप ने हाल में शानदार प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया है। राजपूत के अनुसार चौथे तेज गेंदबाज के लिए मोहम्मद शमी और आवेश खान के बीच मुकाबला होगा। वहीं अगर चयनकर्ता अनुभव को वरीयता देंगे तो शमी को मौका मिलेगा। इसके अलावा विशेषज्ञ स्पिनर के तौर पर यजुवेन्द्र चहल को जगह मिल सकती है। 

एशिया कप के लिए संभावित भारतीय टीम इस प्रकार है: 1 रोहित शर्मा (कप्तान), 2 केएल राहुल, 3. विराट कोहली, 4 ऋषभ पंत, 5 सूर्यकुमार यादव, 6 हार्दिक पंड्या, 7. दिनेश कार्तिक, 8 दीपक हुडा, 9 रवींद्र जडेजा, 10 अक्षर पटेल, 11 युजवेंद्र चहल, 12 जसप्रीत बुमराह, 13. भुवनेश्वर कुमार, 14. अर्शदीप सिंह, 15. मोहम्मद शमी या आवेश खान। 

Subscribe to our Newsletter