भारतीय टीम की जीत के बाद उत्साहित दिखे रोहित
Jun 10, 2024
न्यूयॉर्क । यहां पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्वकप क्रिकेट में भारतीय टीम की जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा बेहद उत्साहित नजर आये। रोहित ने हालांकि माना कि टीम ने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की। साथ ही कहा कि अपनी पारी के आधे समय तक हम अच्छी स्थिति में थे पर बड़ी साझेदारी नहीं करने से बाद में पिछड़ गये। वहीं पिच को लेकर कहा कि पिछले मुकाबले की तुलना में यह विकेट अच्छा था हालांकि इस प्रकार की गेंदबाजी के सामने आत्मविश्वास से खेलना होता है। इसके बाद जब पाक टीम बल्लेबाजी कर रही थी तब हमने सभी को एक साथ बुलाया और कहा कि अगर यह हमारे साथ हो सकता है, तो यह उनके साथ भी हो सकता है।
रोहित ने बुमराह के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह लगातार बेहतर होता जा रहा है। साथ ही कहा कि हम सब जानते हैं कि वह क्या कर सकता है। उसके बारे में ज्यादा कुछ कहने की जरुरत नहीं है। मैं चाहता हूं कि वह पूरे विश्व कप के दौरान इसी प्रकार की लय में रहे। वह एक प्रतिभाशाली व्यक्ति है, यह हम सभी जानते हैं। रोहित ने कहा कि प्रशंसकों ने टीम का हौंसला बढ़ाया और खुशी की बात ये है कि वे भी उत्साहित होकर लौटे।