रोहित टी20 में पांच टी20 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने
Jan 18, 2024
बेंगलुरु । भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में शतक लगाते ही एक अहम उपलब्धि अपने नाम की है। अब रोहित टी20 अंतराष्ट्रीय क्रिकेट में 5 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने इस मैच में 64 गेंदों पर ही शतक लगा दिया। रोहित ने 69 गेंदों पर 8 छक्के और 11 चौके की सहायता से नाबाद 121 रन बनाए। इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट 212 रन बनाए थे।
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 22 रनों पर ही 4 विकेट खो दिये थे। इसके बाद रोहित ने रिंकू सिंह के साथ मिलकर पारी को संभाला और 5वें विकेट के लिए 95 गेंदों पर 190 रनों की साझेदारी कर भारतीय टीम को 212 रनों तक पहुंचाया। इस मैच में रोहित के अलावा रिंकू सिंह ने भी अर्धशतक लगाया। उन्होंने 36 गेंदों पर 6 छक्के और 2 चौके लगाकर अपना अर्धशतक बनाया।