आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में रिंकू पर रहेंगी नजरें
Aug 17, 2023
डबलिन । आईपीएल में लगातार पांच छक्के लगाकर सुर्खियों में आये रिंकू सिंह के ऊपर अब आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में सभी की नजरें रहेंगी। तीन टी20 मैचों की ये सीरीज शुरुवार से शुरु होने वाली है। रिंकू ने आईपीएल के 16 वें सत्र में आक्रामक बल्लेबाजी के अलावा घरेलू मैचों में दिखाया है कि वह हालात के अनुसार भी बल्लेबाजी करने में सक्षम हैं। उनकी सबसे बड़ी खासियत दबाव के बीच भी संयमित रहकर बल्लेबाजी करना रहा है। इसी कारण उन्हें भविष्य का टॉप फिनिशर भी कहा गया था। ऐसे में यह देखना होगा कि वह आयरलैंड में किसी प्रकार अपने को साबित करते हैं।
रिंकू मैच के हालातों के अनुसार बल्लेबाजी करने में सक्षम हैं। आईपीएल में जब टीम के शुरूआती विकेट जल्दी गिर जाते थे तो वह एक या दो रन लेकर स्कोर आगे बढ़ाते थे। वहीं टीम की स्थिति जब एक बार अच्छी हो हो जाती थी तब वह आक्रामक रुख में उतर आते थे। रिंकू का यही अंदाज लोगों को पसंद है।
भारतीय टीम प्रबंधन को रिंकू से इस दौरे में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। रिंकू भी इसमें कोई कसर नहीं रखेंगे। इस सीरीज में उन्हें अपने पसंदीदा बल्लेबाजी क्रम पर खेलते हुए देखा जा सकता है। यहां अगर उनका बल्ला चला तो भारतीय टीम एक बार फिर मेजबान टीम के खिलाफ सीरीज में बड़ी जीत दर्ज करेगी। रिंकू ने आईपीएल में अबतक कुल 31 मुकाबले खेले हैं। इसमें उन्होंने 29 पारियों में 36.25 की औसत से 725 रन बनाये हैं। उनके नाम चार अर्द्धशतक है और उनका स्ट्राइक रेट 142.16 का है।