रऊफ तीसरे टेस्ट के लिए पाक टीम में शामिल
Jan 01, 2024
मेलबर्न । तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां तीन जनवरी से होने वाले तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के लिए एक बार फिर टीम में शामिल किया गया है। पाक की टीम को पहले दोनो ही टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद से ही रऊफ की वापसी की मांग उठने लगी थी। वहीं रऊफ ने इस सीरीज के शुरु होने से पहले ही ऑस्ट्रेलियाई बिग बैश लीग में खेलने का फैसला किया था। रऊफ़ ने 13 दिसंबर से 28 दिसंबर के बीच बिग बैश टी स्टार्स के लिए 4 मैच खेले। हालांकि उन्होंने टेस्ट मैच के लिए 31 दिसंबर को एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ जरूरी मैच छोड़ दिया है।
इस तेज गेंदबाज की वापसी से पाक टीम की अंतिम टेस्ट के लिए गेंदबाजी मजबूत होगी। पाक टीम का लक्ष्य साल की शुरुआत में मेजबान टीम को झटका देना रहेगा। पाक टीम को पहले दो टेस्ट मैचों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा था। पाक टीम साल साल 1992 के बाद से ही ऑस्ट्रेलिया में कोई सीरीज जीत नहीं पायी है। रऊफ के नहीं होने पर शाहीन अफरीदी ने पाक टीम की गेंदबाजी संभाली थी पर दबाव के कारण उनका प्रदर्शन भी प्रभावित हुआ। उनके साथ आमिर जमाल और खुर्रम शहजाद भी गेंदबाजी आक्रमण का हिस्सा रहे। रऊफ ने बिग बैश बीबीएल में सिडनी सिक्सर्स और होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया था हालांकि राष्ट्रीय टीम की जगह पर लीग क्रिकेट को प्राथमिकत देने के लिए उनकी कड़ी आलोचना भी हुई थी।