पहले दो टेस्ट मैचों के लिए विराट की जगह रजत पाटीदार शामिल

हैदराबाद । भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) चयन समिति ने विराट कोहली की जगह पहले दो टेस्ट मैचों के लिए बल्लेबाज रजत पाटीदार को शामिल किया है। विराट ने निजी कारणों से पहले दो टेस्ट मैचों से नाम वापस ले लिया था। वहीं उनकी जगह शामिल रजत इस मैच से अपना टेस्ट डेब्यू करेंगे। पाटीदार का घरेलू क्रिकेट के साथ ही आईपीएल में शानार रिकार्ड रहा है। पाटीदार ने गत वर्ष दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मैच में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने पदार्पण मुकाबले में ही 16 गेंदों में 137.50 की स्ट्राइक रेट के साथ 22 रन बनाए थे। पिछले सप्ताह पाटीदार ने भारत ए टीम की ओर से अहमदाबाद में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 151 रन बनाए थे। ये बल्लेबाज इस समय शानदार लय में है जिसका लाभ भारतीय टीम को मिलेगा। आईपीएल में पाटीदार ने 12 मैच खेलकर 40.4 की औसत और 144.29 की स्ट्राइक रेट से 404 रन बनाए हैं। 

इससे पहले बीसीसीआई ने घोषणा की थी कि विराट ने व्यक्तिगत कारणों से इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों से नाम वापस ले लिया है। बीसीसीआई ने एक आधिकारिक बयान में कहा, विराट ने निजी कारणों का हवाला देते हुए भारतीय इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले दो टेस्ट से हटने का अनुरोध किया था। साथ ही कहा कि मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध करता है कि वे इस दौरान विराट कि निजता का सम्मान करें और उनके व्यक्तिगत कारणों की प्रकृति पर अटकलें लगाने से बचें। 


Subscribe to our Newsletter