भारत-दक्षिण अफ्रीका दूसरे टेस्ट में बाधा बन सकती है बारिश

केपटाउन । भारत और मेजबान दक्षिण अफ्रीका के बीच आज यहां होने वाले दूसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट मैच में बारिश से बाधा आ सकती है। भारतीय टीम पहले ही सीरीज में 1-0 से पीछे है, ऐसे में उसके लिए ये मैच बेहद अहम है। उसका लक्ष्य इस मैच को जीतकर सीरीज में बराबरी हासिल करने का प्रयास रहेगा। इस मैच में अगर बारिश आती है तो इससे भारतीय टीम को ही नुकसान होगा और उसके बराबरी के प्रयासों को झटका लगेगा। 

इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा सहित अन्य भारतीय बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। ये टीम के लिए आसान नहीं रहेगा क्योंकि यशस्वी जयसवाल, रोहित शर्मा, शुभममन गिल और श्रेयस अय्यर जैसे भारतीय बल्लेबाजों को पहले टेस्ट में मेजबानों गेंदबाजों मार्को जानसन, कैगिसो रबाडा और नंद्रे बर्गर के खिलाफ बल्लेबाजी में मुश्किलें हुईं थीं। कप्तान टेम्बा बावुमा की गैरमौजूदगी में भी दक्षिण अफ्रीका ने पहले मैच में जीत दर्ज की थी। दूसरे टेस्ट में पहले तीन दिनों में बारिश होने की संभावना नहीं है, जिससे खेल में बाधा नहीं रहेगी पर चौथे और पांचवें दिन बारिश हो सकती है, जिससे खेल का समय कम हो सकता है। 

सेंचुरियन पिच की तरह केपटाउन का विकेट भी तेज गेंदबाजों का सहायक रहेगा, ऐसे में मेजबान गेंदबाज हावी हो सकते हैं। न्यूलैंड्स क्रिकेट मैदान की पिच में घास होगी, जिससे तेज गेंदबाजों को  स्विंग और उछाल मिलेगा पर मैच के अंतिम दो दिनों में स्पिनरों को भी सहायता मिल सकती है। 


Subscribe to our Newsletter