रेलवे के जूनियर इंजीनियर की गोली मारकर हत्या
Jan 23, 2024
प्रेम प्रसंग का मामला, महिला के साथ गया था शादी
भोपाल । अपनी महिला मित्र के साथ शादी में गए रेलवे के एक जूनियर इंजीनियर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस अभी तक एक महिला व तीन अन्य लोगों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन पुलिस को यह पता नहीं चल पाया कि हत्या एक व्यक्ति या ज्यादा व्यक्तियों ने की। यह मामला प्रदेश के रतलाम जिले का है। पुलिस के अनुसार, 21 जनवरी को सुबह रतलाम व मंदसौर जिले की सीमा के समीप मंदसौर जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र के गुराड़िया-पलासिया रोड पर स्थित खोड़ाना तालाब के समीप एक कार में दीक्षांत पंडया मृत अवस्था में पड़े हुए थे। इसकी सूचना खोड़ाना के कोटवार पवन राणा ने भावगढ़ पुलिस को दी थी।
भावगढ़ थाना प्रभारी जेएस डामोर रतलाम से एफएसएल अधिकारी डा. अतुल मित्तल व ढोढर चौकी प्रभारी कन्हैया अवास्या भी मौके पर पहुंचे थे। घटना स्थल मंदसौर जिले का से मामले की जांच भावगढ़ पुलिस ने शुरू की। मृतक की पहचान रतलाम रेलवे के कैरेज एंड वैगन विभाग (सीएनडब्ल्यू) में पदस्थ जूनियर इंजीनियर दीक्षांत पंडया पुत्र नवीन प्रसाद पंडया निवासी गुजराती चाल रेलवे कालोनी रतलाम के रूप में हुई थी। उसके शरीर पर तीन स्थानों पर गोली लगने के घाव पाए गए थे।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मंदसौर के सरकारी अस्पताल भिजवाया था। पुलिस को जानकारी मिली है कि दीक्षांत 20 जनवरी को ढोढर में रहने वाली अपनी महिला मित्र के साथ नीमच जिले के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने गया था। लौटते समय परवलिया में एक युवक ने दीक्षांत को रोककर विवाद किया था। इसके बाद दूसरे दिन 21 जनवरी को सुबह दीक्षांत कार में मृत मिला था।हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते की गई है। दीक्षांत व महिला के मोहसिन नामक दूसरे मित्र के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस मोहसिन की तलाश कर रही है। पुलिस उक्त महिला, मोहसिन के दो रिश्तेदारों व एक अन्य युवक से पूछताछ कर रही है। दीक्षांत पंड्या मूलत: राजस्थान के डूंगरपुर के रहने वाले थे।
वे पत्नी मध्यमा व दस वर्षीय पुत्र विहान के साथ रतलाम में रहते थे। पुलिस ने डाक्टरों की पैनल से पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को ही शव स्वजन को सौंप दिया था। इसके बाद स्वजन रात में शव लेकर डूंगरपुर पहुंचे थे, जहां मंगलवार सुबह अंतिमसंस्कार किया गया। इस बारे में भावगढ़ थाना प्रभारी जेएस डामोर का कहना है कि हत्या किसने की, यह अभी तक पता नहीं चल पाया है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 302 में प्रकरण दर्ज किया गया है। एसपी के निर्देशन में टीमें जांच कर रही है।