पंजाब किंग्स ने जितेश को उपकप्तान बनाया
Mar 22, 2024
मुम्बई । पंजाब किंग्स ने युवा विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को आईपीएल 2024 सत्र के लिए टीम का नय उपकप्तान बनाया है। पंजाब किंग्स ने सोशल मीडिया के जरिये प्रशंसकों को भी इसकी जानकारी दी। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने महेन्द्र सिंह धोनी की जगह रुतुराज गायकवाड़ को आईपीएल के 17 वें संस्करण के लिए अपना नया कप्तान बनाया था। इस बार छह टीमें नए कप्तानों के साथ आईपीएल में उतरी हैं। जितेश आईपीएल 2022 मेगा नीलामी के दौरान पंजाब किंग्स में शामिल हुए और अपने अच्छे प्रदर्शन से उन्होंने विकेटकीपर के तौर पर अपनी जगह बना ली। जितेश ने आईपीएल 2023 में 14 पारियों में 156.06 की प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से 309 रन बनाए।
जितेश हांग्जो में एशियाई खेल 2023 में भी भारतीय टीम में थे। वह अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की नई टी20आई टीम का भी हिस्सा थे और अब आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के लिए भी प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
आईपीएल 2024 के लिए पंजाब किंग्स टीम : शिखर धवन (कप्तान), जितेश शर्मा (उपकप्तान और विकेटकीपर), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, अथर्व तायदे, अर्शदीप सिंह, ऋषि धवन, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), सैम कुरेन, सिकंदर रजा, हरप्रीत बराड़, राहुल चाहर, कगिसो रबाडा, नाथन एलिस, शिवम सिंह, हरप्रीत भाटिया, विदवथ कावेरप्पा, हर्षल पटेल, क्रिस वोक्स, आशुतोष शर्मा, विश्वनाथ प्रताप सिंह, शशांक सिंह, प्रिंस चौधरी, तनय त्यागराजन, रिले रोसौव।