पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर लिविंगस्टोन इंग्लैंड लौटे

मुम्बई । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीम पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन चोटिल होने के कारण इंग्लैंड लौट गये हैं। पंजाब के लिए हालांकि इससे अधिक फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि वह पहले ही आईपीएल से बाहर हो गयी है और अब उसके दो मैच ही शेष हैं। लिविंगस्टोन चोटिल होने की वजह से बाहर हो गए हैं। अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप से पहले वह अपनी घुटने की चोट से उबरना चाहते हैं। 

पंजाब किंग्स की टीम 12 मैच में केवल चार जीत के साथ पहले ही प्ले ऑफ की दौड़ से बाहर हो गयी है और अभी आठ अंक के साथ अंक तालिका में अंतिम स्थान पर है। लिविंगस्टोन आईपीएल के मौजूदा सत्र में सात मैच में केव 111 रन ही बना सके और उन्होंने सिर्फ तीन विकेट लिए। 

इस ऑलराउंडर ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘आईपीएल का एक और साल हो गया, आगामी विश्व कप के लिए अपने घुटने को ठीक कराना पड़ेगा।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘पंजाब किंग्स के प्रशंसकों को उनके प्यार और समर्थन के लिए एक बार फिर धन्यवाद। टीम और निजी तौर पर ये सत्र निराशाजनक रहा पर हमेशा की तरह मैंने आईपीएल में हर मिनट खेलने का आनंद उठाया है।’’

अब पंजाब को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 15 मई और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 19 मई को होने वाले अपने शेष दो लीग मुकाबलों में लिविंगस्टोन के बिना ही उतरना होगा। लिविंगस्टोन की चोट गंभीर नहीं है पर इंग्लैंड टीम प्रबंधन 22 मई से पाकिस्तान के खिलाफ शुरू हो रही घरेलू टी20 श्रृंखला से पहले उन्हें उबरने का पर्याप्त समय देना चाहता है। पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के बाद इंग्लैंड की टीम टी20 विश्व कप के लिए वेस्टइंडीज रवाना होगी। टीम बारबडोस के ब्रिजटाउन में चार जून को स्कॉटलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। 


Subscribe to our Newsletter