खिलाड़ी संग प्यार का नाटक किया,पैसे ऐंठे फिर प्रेमी के साथ मिलकर की हत्या
Apr 01, 2024
रांची। अंतरराष्ट्रीय पारा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रशांत कुमार सिन्हा से प्यार का नाटक कर एक महिला खूब पैसे बटोरे,इसके बाद साजिश रचकर अपने दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी। अब हत्या के दोनों आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। आरोप है कि प्रशांत की प्रेमिका और उसके आशिक ने उधार के 20 लाख रुपये वापस मांगने पर वारदात को अंजाम दिया। वह प्यार का झांसा देकर प्रशांत का इस्तेमाल करती रही। वह उससे पैसे ऐंठती थी और उसी के पैसों से उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर एक होटल भी खोल लिया था। प्रशांत उसके प्यार के झांसे में फंसा रहा और लोगों से पैसे उधार लेकर उसे देता रहा। हत्यारोपी प्रेमिका काजल सुमन और उसके आशिक रौनक कुमार को पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया।
पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि काजल ने ही रौनक के साथ मिलकर प्रशांत की हत्या की और फिर शव को बोरे में भरकर हजारीबाग के छड़वा डैम से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी रौनक के पास से प्रशांत की कलाई घड़ी और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। एसएसपी कौशल किशोर ने बताया कि 2019 में फेसबुक से काजल से प्रशांत की दोस्ती हुई। सेलिब्रिटी के साथ प्रशांत का फोटो देखकर काजल ने उसका इस्तेमाल करना शुरू किया। 11 मार्च को वह जमशेदपुर आई और सोनारी से प्रशांत को हजारीबाग ले गई। यहां दोनों रौनक के खटाल में गए। वहां प्रशांत के साथ बहस हो गई, जिसके बाद प्रशांत की गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को बोरे में बंद कर छड़वा डैम में जाकर फेंक दिया।
एसएसपी ने बताया कि प्रशांत के लापता होने के बाद काजल से पुलिस ने बात की। उसे ढूंढने के लिए टेक्निकल सेल की मदद ली गई और हजारीबाग शहर के लोहसिंघना थाना क्षेत्र के न्यू एरिया निर्मल स्कूल गली निवासी काजल सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया गया। काजल से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो हत्या की बात स्वीकार की।