प्रज्ज्वल को बेंगलुरु ओपन टेनिस के लिए वाइल्ड कार्ड मिला
Feb 09, 2024
बेंगलुरु । उभरते हुए खिलाड़ी प्रज्ज्वल देव को बेंगलुरु ओपन एटीपी चैलेंजर टेनिस टूर्नामेंट के लिए वाइल्ड कार्ड मिला है। कर्नाटक राज्य लॉन टेनिस एसोसिएशन (केएसएलटीए) ने प्रज्ज्वल को इस 80 सीरीज टूर्नामेंट के एकल मुख्य ड्रॉ में शामिल किया है। प्रज्ज्वल को हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए भी भारतीय डेविस कप टीम में भी रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर रखा गया था।
उसके लिए गत सत्र भी बेहतर रहा था। इसमें वह थाईलैंड में आईटीएफ 15 मुकाबले में उपविजेता रहा था। इसके अलावा मैसूर सहित तीन अन्य टूर्नामेंटों के सेमीफाइनल में भी पहुंचा था। प्रज्वल ने मुख्य ड्रॉ में जगह मिलने पर खुशी जताते हुए कहा, मैं मुख्य ड्रॉ में खेलने का अवसर दिये जाने के लिए केएसएलटीए के प्रति आभारी हूं। मुझे वाइल्ड कार्ड हासिल करने का सौभाग्य मिला है और मैं टूर्नामेंट का इंतजार कर रहा हूं। उम्मीद है, मैं अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहूंगा।
वहीं टूर्नामेंट निदेशक सुनील यजमान ने कहा, प्रज्ज्वल काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और उसमें शीघ्र ही शीर्ष 500 में शामिल होने की क्षमता है, और हम उसे जल्द से जल्द उपलब्धि हासिल करने का अवसर देना चाहते हैं। वह एक बहुत ही प्रतिभाशाली खिलाड़ी है जिससे सही समय पर समर्थन मिलना जरुरी है क्योंकि हमारा प्रयास रहता है कि स्थानीय प्रतिभाओं को समर्थन मिले।प्रज्ज्वल को अवसर देकर हमें खुशी हो रही है।