विश्वकप के दौरान सभी स्टेडियमों में लोगों को मुफ्त में मिनरल और पैकेज्ड पानी मिलेगा : जय शाह
Oct 05, 2023
मुम्बई । भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव जय शाह ने कहा है कि विश्वकप मैच में प्रशंसकों को सटेडियामें में मुफ्त में पीने का पानी मिलेगा। विश्वकप मैचों में सुरक्षा कारणों से लोगों को पानी की बोतल लाने से मना किया हुआ है। इसी को देखते हुए स्टेडियमों में विश्व कप के दौरान सभी स्थानों पर मुफ्त में मिनरल और पैकेज्ड पानी मिलेगा।
शाह ने ट्वीट किया, आने वाला समय रोमांचक क्रिकेट मुकाबलों का है। उन्होंने लिखा, मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि हम भारत भर के स्टेडियमों में दर्शकों के लिए मुफ्त मिनरल और पैकेज्ड पीने का पानी उपलब्ध करा रहे हैं। हाइड्रेटेड रहें और खेलों का आनंद लें। आइए सीडब्ल्यूसी 2023 के दौरान अविस्मरणीय यादें बनाएं।
विश्वकप टूर्नामेंट भारत में 10 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है जिसमें अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम, बेंगलुरु में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, चेन्नई में एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम, दिल्ली में अरुण जेटली स्टेडियम, धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, हैदराबाद में राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, कोलकाता में ईडन गार्डन, लखनऊ में एकाना क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई में वानखेड़े स्टेडियम और पुणे में एमसीए इंटरनेशनल स्टेडियम शामिल हैं। पहला सेमीफाइनल 15 नवंबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा जबकि दूसरा सेमीफाइनल 16 नवंबर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होगा। वहीं खिताबी मुकाबला 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।