पांड्या और ऋषभ का फार्म में होना टीम के लिए फायदेमंद : हरभजन
Jun 19, 2024
फ्लोरिडा । भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा है कि ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और विकेटकीपर के अलावा बल्लेबाज ऋषभ पंत का तीसरे नंबर पर शानदार प्रदर्शन टीम के लिए एक सकारात्मक संकेत है। पांड्या ने आईपीएल में खराब प्रदर्शन से उबर कर वापसी की है। वहीं ऋषभ ने कार हादसे के बाद पहले ही अंतरराट्रीय टूर्नामेंट में पुरानी लय हासिल कर ली है। इसी कारण भारतीय टीम आसानी से सुपर आठ में पहुंच गयी है।
हरभजन ने कहा, ‘टीम के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक बात यह है कि पांड्या विकेट ले रहे हैं। अगर आप उनके विकेटों की संख्या पर नजर डालें तो उन्होंने उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। विश्व कप से पहले आईपीएल में पांड्या का प्रदर्शन खराब था लेकिन उन्होंने अमेरिका में ग्रुप चरण के तीन मैचों में सात विकेट लेकर अच्छी वापसी की। वहीं ऋषभ ने इस साल आईपीएल से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की। टी20 विश्व कप में उन्होंने तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए बेहद कठिन पिच पर 124.67 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए।
हरभजन ने कहा, ‘पांड्या के अलावा ऋषभ ने तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी से अंतर पैदा किया है। उनकी भूमिका पूरी तरह से बदल गयी। विश्व कप से पहले हम संजू सैमसन को टीम में शामिल करने के लिए कह रहे थे क्योंकि उन्होंने काफी रन बनाये थे पर अब वह संभव नहीं लग रहा है। हरभजन ने कहा, ‘ऋषभ को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कराना बड़ी सकारात्मक बात है। जब वह तीसरे नंबर पर खेलते है तो दायें और बायें हाथ के बल्लेबाजों का संयोजन बनता है। भारत सुपर आठ में अपने अभियान की शुरुआत 20 जून को बारबाडोस में अफगानिस्तान के खिलाफ करेगा। हरभजन ने कहा कि टीम के पास नयी परिस्थितियों की चुनौती का सामना करने की क्षमता है। उन्होंने कहा, ‘टीम के साथ बहुत सारी सकारात्मक चीजें हैं। बेशक, चुनौतियां और कठिनाई है पर चुनौतियां उनके सामने आती हैं जो निडर होते हैं।