ऑस्ट्रेलिया के 487 रन के जवाब में पाकिस्तान के जमाल ने किया कमाल
Dec 16, 2023
-टेस्ट मैच में 6 विकेट लेकर आस्ट्रेलिया को आगे बढ़ने से रोका
पर्थ । पाकिस्तान के तेज गेंदबाज आमिर जमाल ने अपने शुरुआती टेस्ट मैच की पारी में छह विकेट लेने का कारनामा किया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में शुक्रवार को यहां 500 रन तक पहुंचने से रोका। जिसके बाद पाकिस्तान ने शुरूआत करते हुए दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 53 ओवर में दो विकेट पर 132 रन बनाए। मैच में ऑलराउंडर मिशेल मार्श ने 90 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन जमाल ने 111 रन देकर छह विकेट लिए, जिससे पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 487 रन ही बनाने दिए। उसकी पहली पारी का आकर्षण सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का शतक रहा।
उन्होंने पहले दिन 211 गेंद पर 164 रन की पारी खेली थी। हालांकि पाकिस्तान की टीम अभी ऑस्ट्रेलिया से 355 रन पीछे है। उसके बल्लेबाजों ने किसी तरह का जोखिम नहीं लिया। अब्दुल्ला शफीक (42) और इमाम उल हक ने पहले टिकट के लिए 36।2 ओवर में 74 रन जोड़कर पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाई। ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने शफीक को वॉर्नर के हाथों कैच कराकर ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता दिलाई। पाकिस्तान के आउट होने वाले दूसरे बल्लेबाज कप्तान शान मसूद को तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने विकेट के पीछे कैच कराया।
हालांकि स्टंप उखड़ने के समय इमाम 38 और नाइट वॉचमैन खुर्रम शहजाद सात रन पर खेल रहे थे। इसके पहले ऑस्ट्रेलिया ने सुबह 5 विकेट पर 346 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई थी। पाकिस्तान ने सुबह के सत्र में दो विकेट हासिल किए थे और यह दोनों सफलताएं उसे जमाल ने दिलाई। इस तेज गेंदबाज ने एलेक्स केरी (34) और मिशेल स्टार्क (12) दोनों को बोल्ड किया। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने लंच तक सात विकेट पर 476 रन बनाए थे लेकिन दूसरे सत्र में उसने 20 गेंद और 11 रन के अंदर अपने बाकी बचे तीनों विकेट गंवा दिए। इनमें मार्श का विकेट भी शामिल था जिन्हें अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे खुर्रम शहजाद (83 रन देकर दो विकेट) ने दूसरे सत्र की पहली गेंद पर बोल्ड किया। मार्श ने अपनी 107 गेंद की पारी में 15 चौके और एक छक्का लगाकर कीर्तिमान बनाया।