निशांत ओलंपिक क्वालीफायर में जीते, थापा हारे
Mar 07, 2024
बस्तो अर्सिजियो । भारतीय मुक्केबाज निशांत देव ने ओलंपिक मुक्केबाजी क्वालीफायर में जीत से शुरुआत की है जबकि भारत के ही शिव थापा को हार का सामना करना पड़ा है। देव ने ब्रिटेन के मुक्केबाज लुईस रिचर्डसन को एक कड़े मुकाबले में 3-1 से हराया। वहीं थापा को पहले दौर में ही हार झेलनी पड़ी है। ।
निशांत ने पुरुषों के 71 किग्रा भार वर्ग में विरोधी रिचर्डसन के खिलाफ शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। इसके साथ ही पहले दौर में 4-1 से मुकाबला जीता। वह दूसरे दौर में अपने प्रतिद्वंद्वी पर पूरी तरह हावी रहे। निशांत ने इस दौर को 5-0 से जीता। निशांत ने तीसरे दौर में अपनी बढ़त को बरकरार रखने के लिए रक्षात्मक रवैया अपनाया और अंत में विभाजित फैसले से जीत दर्ज की। वहीं भारत के ही शिव 63.5 किग्रा भार वर्ग में उज्बेकिस्तान के रुस्लान अब्दुल्लाव से हार गए। रुस्लान ने उन्होंने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाकर थापा को कोई अवसर नहीं दिया। रेफरी ने पहले राउंड में ही मुकाबला रोककर उज्बेकिस्तान के मुक्केबाज को विजेता घोषित कर दिया
भारत ने अब तक पेरिस ओलंपिक के लिए मुक्केबाजी में चार कोटा हासिल किए हैं। ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले मुक्केबाजों में निकहत ज़रीन (50 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा), परवीन हुडा (57 किग्रा) और लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) शामिल हैं। इन सभी ने पिछले साल एशियाई खेलों में ओलंपिक कोटा हासिल किया था।