न्यूजीलैंड ने पाक को चौथे टी20 में चार रनों से हराया
Apr 26, 2024
सीरीज में 2-1 की बढ़त मिली
लाहौर । न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को चौथे टी20 क्रिकेट मैच में चार रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। कीवी टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज टिम रॉबिनसन के अर्धशतक के बल पर सात विकेट पर 178 रन बनाए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 174 रनों पर ही आउट हो गयी।
इस मैच में लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान पाक की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान बाबर आजम 5 रन बनाकर दूसरे ओवर में ही आउट हो गये। युवा बल्लेबाज सईम अयूब 20 और उस्मान खान ने 16 रन बनाये। अनुभवी फखर जमान ने शादाब खान 7 के साथ पारी आगे बढ़ाने का प्रयास किया पर शादाब अधिक देर तक नहीं खेल पाये। इसके बाद फखर ने इफ्तिखार अहमद के साथ 61 रन जोड़े पर फखर के 61 रनों पर आउट होने के बाद टीम ढ़ह गयी।
अंत में ऑलराउंडर इमाद वसीम ने 22 रनों की पारी खेली पर पाक टीम तय ओवरों में आठ विकेट पर 174 रन ही बना पायी। कीवी टीम की ओर से ओरूर्के ने 27 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि बेन सियर्स ने दो विकेट लिए। वहीं इससे पहले न्यूजीलैंड की ओर से टिम रॉबिन्सन और टॉम ब्लंडेल ने अच्छी शुरुआत कर पहले विकेट के लिए 56 रन बनाए। कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने अंतिम ओवरों में 20 गेंद में 27 रन बनाये।