न्यूजीलैंड-ऑस्ट्रेलिया टी20 सिरीज आज से
Feb 20, 2024
वेलिंगटन । यहां मिचेल सेंटनर की कप्तानी में मेजबान न्यूजीलैंड टीम बुधवार से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के साथ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज का पहला मैच यहां के स्काई स्टेडियम में होगा। वहीं दूसरा और तीसरा मुकाबला ऑकलैंड के ईडन पार्क खेला जाएगा। इस सीरीज के लिए कीवी टीम में जोश क्लार्कसन, रचिन रवींद्र के अलावा अनुभवी तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को भी शामिल किया गया है। बोल्ट की काफी समय के बाद टीम में वापसी हुई है। वह दूसरे और तीसरे टी20 मुकाबले में खेलेंगे।
वहीं चोटिल होने के कारण डेरिल मिशेल टीम से बाहर हैं जबकि अनुभवी बल्लेबाज केन विलियमसन पितृत्व अवकाश के कारण टीम से बाहर हैं। इसी कारण ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन को अवसर मिलना तय माना जा रहा है। इसी प्रकार लॉकी फर्ग्यूसन को बेन सियर्स की जगह शामिल किया जाएगा। माइकल ब्रेसवेल भी फिट नहीं होने के कारण इस सीरीज से बाहर हैं। वहीं जिमी नीशम बांग्लादेश प्रीमियर लीग में हिस्सा लेने के कारण नहीं खेलेंगे। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी मिशेल मार्श के पास रहेगी। तेज गेंदबाज पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, ट्रैविस हेड और स्टीव स्मिथ की भी टीम में वापसी हुई है।
सीरीज के लिए दोनों देशों की टीमें इस प्रकार हैं :
न्यूज़ीलैंड : मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, ट्रेंट बोल्ट , मार्क चैपमैन, जोश क्लार्कसन*, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), लॉकी फर्ग्यूसन, एडम मिल्ने, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, ईश सोढ़ी, टिम साउदी
ऑस्ट्रेलिया : मिशेल मार्श (कप्तान), पैट कमिंस, टिम डेविड, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, ग्लेन मैक्सवेल, मैट शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू वेड, डेविड वार्नर, एडम जम्पा।