ट्राई सीरीज क्रिकेट में नेपाल ने नामीबिया को हराया

कीर्तिपुर । यहां खेले जा रहे टी20 ट्राई सीरीज क्रिकेट टूर्नामेंट में नेपाल ने एक रोमांचक मुकाबले में नामीबिया को हरा दिया। ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रन बनाए। इसके बाद नामीबियाई टीम इस लक्ष्य को हासिल करने में विफल रही और सात विकेट पर 177 रन ही बना पायी। पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल की शुरूआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज आसिफ शेख 1 रन बनाकर आऊट हो गए। इसके बाद अनिल साह ने 17 गेंदों पर 23 तो कप्तान रोहित ने 9 गेंदों पर 10 रन बनाए। वहीं मध्यक्रम में गुलशन ने 16 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 26 जबकि आरिफ शेख ने 24 गेंदों पर 31 रन बनाए। कुशल माला ने 37 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर स्कोर 180 तक पहुंचाया। वहीं नामीबिया की ओर से बेन शिकोंगो ने 28 रन देकर 3 विकेट लिए जबकि जैक ब्रासेल ने 45 गेंदों पर 2 खिलाड़ियों को आउट किया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबियाई टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। माइकल 10 जबकि मलान 3 रन बनाकर पेवेलियन लौट गये। मध्यक्रम में जेन फ्राइलिंक ने 29 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। कप्तान जेजे स्मित ने 26 गेंदों पर छह चौके और 2 छक्कों की मदद से 50 रन बनाए। अंत में जेन ग्रीन ने 13 गेंदों पर 23 रन बनाए पर वह टीम को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा पाये। नेपाल की ओर से करण केसी, सोमपाल कामी और दिपेंद्र सिंह ऐरी ने 2-2 विकेट लिए। 


Subscribe to our Newsletter