40 साल की उम्र तक खेल सकते हैं नाथन लियोन : टेलर
Mar 09, 2024
मेलबर्न । ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन का कहना है कि वह इंग्लैंड में साल 2027 एशेज सीरीज तक टीम में बने रहना चाहते हैं हालांकि तब तक वह 39 वर्ष के हो जाएंगे। वहीं इसी को लेकर पूर्व कप्तान मार्क टेलर का मानना है कि लियोन की फिटनेस काफी अच्छी है और वह 40 साल की उम्र में भी टेस्ट क्रिकेट खेल सकते हैं। इसलिए उनके बयान पर मुझे हैरानी नहीं हुई है। लियोन ने अब तक 500 से अधिक टेस्ट विकेट लिए हैं और वह ये उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई और कुल मिलाकर आठवें गेंदबाज हैं।
टेलर ने कहा, मुझे आगे भी उनके खेलने पर कोई हैरत नहीं होगी क्योंकि वह अभी भी खेलने को लेकर बहुत उत्साहित है और मैंने हाल ही में उससे बात की थी। अगर वह अभी भी खेल का आनंद ले रहा है और विकेट ले रहा है तो अगर वह 40 के करीब पहुंच जाता है तो उसके खेलने में कुछ गलत नहीं है। मुझे नहीं लगता कि उसे जल्दबाजी में इसे छोड़ देना चाहिये। 123 मैचों में 501 विकेट के साथ लियोन अभी सबसे अधिक टेस्ट विकेट लेने की सूची में मुथैया मुरलीधरन 800, शेन वार्न 708, जेम्स एंडरसन 690, अनिल कुंबले 619, स्टुअर्ट ब्रॉड 604, ग्लेन मैकग्राथ 563, और कर्टनी वॉल्श 519 के बाद आठवें स्थान पर है। टेस्ट क्रिकेट में एक गेंदबाज के रूप में लियोन के स्थान को लेकर उन्होंने कहा, मुझे इतिहास के बारे में बातें कहना पसंद नहीं है क्योंकि यह अब बहुत अलग है।