नागल की नजरें ओलंपिक टिकट हासिल करने पर लगीं

बेंगलुरू । चेन्नई ओपन में मिली जीत से उत्साहित टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल का लक्ष्य अब आगामी पेरिस ओलंपिक के लिए अपनी रैंकिंग बेहतर करना है। सुमित अभी विश्व रैंकिंग में शीर्ष 100 में पहुंच गये हैं। वह 2019 में प्रजनेश गुणेश्वरन के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय हैं। नागल ने कहा, ‘‘हर टेनिस खिलाड़ी शीर्ष 100 में शामिल होने का सपना देखता है। मैंने काफी कम उम्र से शीर्ष 100 में शामिल होने का सपना देखा था और जब ऐसा हुआ तो बहुत अच्छा लगा।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘हां, यह एक बड़ा क्षण था पर अब मैं एक नए टूर्नामेंट में खेल रहा हूं। आप जानते हैं कि टेनिस को सप्ताह दर सप्ताह लेने की जरूरत है। अब मैं बेंगलुरू में इस टूर्नामेंट में जीतने पर ध्यान केंद्रित कर रहा हूं ।’’ नागल ने कहा, ‘‘पर मेरा असली लक्ष्य ओलंपिक में जाना और अपने देश का प्रतिनिधित्व करना है। यह मेरे लक्ष्यों में से एक है और यह वास्तव में मुझे प्रेरित करता है।

मैं ओलंपिक में खेलना और देश के लिए पदक जीतना चाहता हूं।’’ गौरतब है कि इस साल 10 जून तक एटीपी (पुरुष) और डब्ल्यूटीए (महिला) रैंकिंग में शीर्ष 56 एकल खिलाड़ियों को जुलाई-अगस्त में होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए सीधे प्रवेश मिलेगा बशर्ते प्रति देश संख्या चार खिलाड़ियों से अधिक नहीं हो। वहीं जिन देशों के पास चार से कम स्वत: क्वालीफायर हैं उन्हें शीर्ष 56 के बाहर से प्रविष्टियों की अनुमति दी जाएगी। 


Subscribe to our Newsletter