आईपीएल में आज आमने-सामने होंगी मुम्बई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद

शाम 7.30 बजे शुरू होगा मुकाबला  

हैदराबाद । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बुधवार को मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला होगा। ये दोनो ही टीमें अपना पहला मुकाबला हारी हैं, ऐसे में इन दोनो का ही लक्ष्य इस मैच में जीत से शुरुआत करना रहेगा। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में उतरी पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस को अपने पहले ही मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था जिससे टीम को झटका लगा है। टीम ये मैच जीत के करीब पहुंचकर भी हार गयी थी। इस मैच में केवल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह , डेवाल्ड ब्रेविस के अलावा शीर्ष क्रम में रोहित शर्मा ही बेहतर प्रदर्शन कर पाये थे। इस मैच में मुंबई के खिलाड़ी जिस प्रकार दबाव में ढ़हे उससे भी टीम की मुश्किलें बढ़ी हैं। 

पहली बार मुंबई की कप्तानी कर रहे हार्दिक पांड्या इस मैच में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आये पर असफल रहे। उन्हें इस पर अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा क्योंकि पिछले साल गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए उन्होंने ऊपरी क्रम में अच्छा प्रदर्शन किया था। सलामी बल्लेबाज इशान किशन केवल चार गेंद का सामना कर पाए थे और अब टीम को उनसे अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी। टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए इशान का लक्ष्य इस मैच में बेहतर बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग कर लय हासिल करने के साथ ही भारतीय टीम में वापसी का प्रयास करना रहेगा। 

मुंबई को स्पिनर शम्स मुलानी और पीयूष चावला से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेंगी। वहीं दूसरी ओर पैट कमिंस की कप्तानी में उतरी सनराइजर्स की बात है तो उसका हाल भी मुम्बई की तरह ही रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पिछले मैच में हेनरिक क्लासेन की शानदार पारी से एक समय टीम जीत के करीब पहुंच गयी पर अन्य बल्लेबाज विफल रहे जिससे टीम हार गयी। 

मयंक अग्रवाल और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी थी पर वे बड़ी पारी नहीं खेल पाये। सनराइजर्स के आक्रामक बल्लेबाज अब्दुल समद को भी अब अपने को साबित करना होगा। वहीं पहले मैच में गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने अच्छी शुरुआत की थी पर बाद में वह अपनी निरंतरता नहीं रख पाये। इस कारण अब उनका भी प्रयास अपनी लाइन व लैंथ बनाये रखना रहेगा। कुल मिलाकर देखें तो इस मैच में दोनो ही टीमें दबाव में रहेंगी जिससे भी इस मैच रोमांचक खेल देखने को मिलेगा। 

दोनो ही टीमों की संभावित अंतिम ग्यारह इस प्रकार हैं :

सनराइजर्स हैदराबाद : पैट कमिंस (कप्तान), मयंक अग्रवाल, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्कराम, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज़ अहमद, मार्को जानसन, भुवनेश्वर कुमार, मयंक मार्कंडे, टी नटराजन, अभिषेक शर्मा।

मुंबई इंडियंस : हार्दिक पांड्या (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, नमन धीर, तिलक वर्मा, टिम डेविड, शम्स मुलानी, गेराल्ड कोएत्ज़ी, पीयूष चावला, जसप्रीत बुमराह, ल्यूक वुड, डेवाल्ड ब्रेविस। 


Subscribe to our Newsletter