वायु प्रदूषण को रोकने एवं नागरिकों को ठंड से बचाने का उपाय

Dec 06, 2024

निगम ने आश्रय स्थलों पर की इलेक्ट्रिक हीटर की व्यवस्था

भोपाल। नगर निगम, भोपाल द्वारा प्रदूषण नियंत्रित करने तथा वायु गुणवत्ता में सुधार हेतु निरंतर कार्यवाही की जा रही है साथ ही सामुदायिक आश्रय स्थलों (रैन बसेरों) में रात्रि विश्राम करने वालों को भी बेहतर से बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है। इसी तारतम्य में निगम द्वारा संचालित सामुदायिक आश्रय स्थलों पर रात्रि विश्राम करने वालों को ठंड से बचाने और वायु प्रदूषण को रोकने के दृष्टिगत शहर के सभी आश्रय स्थलों में इलेक्ट्रिक हीटर की व्यवस्था की है। इलेक्ट्रिक हीटर की व्यवस्था किये जाने पर आश्रय स्थलों पर रात्रि विश्राम करने वालों ने संतोष व्यक्त किया है। 

सभी आश्रय स्थलों पर लगाए गए इलेक्ट्रिक हीटर

सामुदायिक आश्रय स्थलों में रात्रि विश्राम हेतु आने वाले नागरिकों को ठंड से बचाने के लिए इलेक्ट्रिक हीटर की व्यवस्था संबंधी दिये गये निर्देशों के परिपालन में निगम अधिकारियों द्वारा शहर के समस्त रैन बसेरों में इलेक्ट्रिक हीटर की व्यवस्था की है। निगम द्वारा आई.एस.बी.टी. बस स्टैंड, कैंसर हॉस्पिटल परिसर के अंदर, टी.बी. हॉस्पिटल परिसर के बाहर, हमीदिया हॉस्पिटल के अंदर, रेलवे स्टेशन प्लेट फार्म क्र. 06 के समीप यादगार-ए-शाहजहांनी पार्क, नेहरू नगर एवं हलालपुर बस स्टैंड स्थित सामुदायिक आश्रय स्थलों में इलेक्ट्रिक हीटर की व्यवस्था की गई है। पूर्व में निगम द्वारा नागरिकों को ठंड से राहत पहुंचाने हेतु आश्रय स्थलों के बाहर अलाव जलाने की व्यवस्था की जाती थी परंतु अलाव के कारण होने वाले वायु प्रदूषण को देखते हुए अब अलाव के स्थान पर आश्रय स्थलों के शयन कक्षों में इलेक्ट्रिक हीटर उपलब्ध कराए गए है ताकि नागरिकों को ठंड से राहत भी पहुंचे और वायु प्रदूषण भी न हो।

Subscribe to our Newsletter