110 बिस्तरों के आश्रय स्थल का महापौर ने किया शुभारंभ

Jan 08, 2024

प्लेटफार्म नंबर छह में बाहर से आने वालों के ठहरने की रहेगी व्यवस्था

 भोपाल । शहर के बाहर से आने वाले जरुतमंद लोगों के ठहरने के लिए 110 बिस्तरों के आश्रय स्थल का महापौर मालती राय द्वारा कल शुभारंभ किया गया। इस नवनिर्मित आश्रय स्थल का निर्माण रेलवे स्टेशन के  प्लेटफार्म नंबर छह पर किया गया है। इसमें लोगों के ठहरने के लिए 110 बिस्तरों की व्यवस्था रहेगी। साथ ही लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए यहां दीन दयाल रसोई का संचालन भी किया जाएगा। लोकार्पण के दौरान नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पूर्व महापौर आलोक शर्मा और अपर आयुक्त टीना यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधि व निगम अधिकारी मौजूद रहे।

भोपाल मुख्य रेल्वे स्टेशन के प्लेट फार्म क्रमांक छह की ओर नवनिर्मित आश्रय स्थल (रैन बसेरा) का लोकार्पण करते हुए महापौर ने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित आश्रय स्थलों में आज एक नया आयाम और जुड़ गया है। इस रैन बसेरे में भोपाल के बाहर से आने वाले जरूरतमंद नागरिकों को सुविधा होगी। इसके साथ ही महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस आश्रय स्थल की व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाया रखा जाए और यहां आने वाले हर व्यक्ति की प्रविष्टि रजिस्टर आदि में अनिवार्य रूप से की जाए। करीब एक करोड़ रुपये से बनाए गए इस रैन बसेरे में महिला व पुरुष के ठहरने की अलग व्यवस्था होगी। बीते एक वर्ष से इसका निर्माण कार्य चल रहा था। इसके निर्माण से भोपाल आने वाले यात्रियों को भी रात के ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। 



Subscribe to our Newsletter