वाइड बॉल पर चौका मारकर हिट विकेट हुए मैथ्यूज

कोलंबो । श्रीलंका के अनुभवी बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज यहां अफगानिस्तान के खिलाफ हुए एकमात्र टेस्ट मैच में अपना दोहरा शतक पूरा नहीं कर पाये और 141 रनों पर ही आउट हो गये। मैथ्यूज इस मैच में वाइड गेंद पर शॉट लगाकर अपना विकेट खो बैठे। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर आया है। इसमें मैथ्यूज ने अफगान स्पिनर कायस अहमद की एक वाइड गेंद को तेज जोरदार शॉट लगाकर बाउंड्री के बाहर पहुंचाया पर इस दौरान वह अपना बल्ला विकेट पर मार बैठे और हिट विकेट हो गये।

इस मैच में श्रीलंकाई  कप्तान धनंजय डि सिल्वा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी शुरु की थी। विश्वा फर्नांडो, असिता फर्नांडो और प्रभात जयसूर्या की तिकड़ी के आगे अफगानिस्तान की टीम अपनी पहली पारी में केवल 198 रन ही बना पाई। अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह ने 91 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। वहीं श्रीलंका ने पहली पारी में मैथ्यूज और दिनेश चांदीमल की शतकीय पारियों की सहायता से 439 रन बनाये। पहली पारी के आधार पर श्रीलंकाई टीम को 241 रन की बड़ी बढ़त मिली। वहीं अफगान टीम दूसरी पारी में 296 रन ही बना पायी। इस प्रकार श्रीलंका को जीत के लिए केवल 56 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने बिना कोई विकेट खोए ही हासिल कर लिया। 



Subscribe to our Newsletter