अगस्त में महिंद्रा, स्कोडा और एमजी लॉन्च करेंगी कई मॉडल
Aug 05, 2026
नई दिल्ली । कई प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियां चालू महीने अपने नए मॉडल लॉन्च करेंगी, जबकि कुछ लोकप्रिय कारों के फेसलिफ्ट और अपडेटेड संस्करण भी बाजार में उतारे जाएंगे। इस लिहाज से देखा जाए तो भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के लिए अगस्त महीना काफी व्यस्त रहने वाला है। महिंद्रा, स्कोडा और जेएसडब्ल्यू एमजी जैसी कंपनियां नई तकनीक और आधुनिक फीचर्स से लैस वाहनों के साथ ग्राहकों को आकर्षित करने की तैयारी में हैं। महिंद्रा 15 अगस्त को कई बड़े उत्पाद पेश कर सकती है। इनमें सबसे चर्चित स्कॉर्पियो एन फेसलिफ्ट है, जिसमें नए ड्यूल-टोन अलॉय व्हील, बड़ा टैबलेट-स्टाइल इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और बदला हुआ सेंटर कंसोल मिलने की संभावना है।
इसी दिन कंपनी अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी बीई 6 का अपडेटेड संस्करण भी पेश कर सकती है। इसमें ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप, नया इंटीरियर और ब्लैक-एंड-टैन अपहोल्स्ट्री जैसे बदलाव देखने को मिल सकते हैं। महिंद्रा की नई विजन एस कॉन्सेप्ट आधारित एसयूवी से भी 15 अगस्त को पर्दा उठने की उम्मीद है। यह मॉडल पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन विकल्पों के साथ भविष्य में बाजार में उतारा जा सकता है। इसे कंपनी की एक्सयूवी 3एक्सओ और बड़े मॉडलों के बीच स्थान मिलने की संभावना है।
स्कोडा 18 अगस्त को स्लाविया फेसलिफ्ट लॉन्च करेगी। इसमें नई फ्रंट ग्रिल, एलईडी लाइटिंग, नए बंपर, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, अपडेटेड इंटीरियर और अतिरिक्त आरामदायक फीचर्स दिए जा सकते हैं। वहीं जेएसडब्ल्यू एमजी भी अगस्त में नए इलेक्ट्रिक और प्लग-इन हाइब्रिड स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन पेश करने की तैयारी में है।
ये मॉडल कंपनी के एडवांस्ड प्लेटफॉर्म पर आधारित होंगे और इनका मुकाबला महिंद्रा तथा टाटा के लोकप्रिय मॉडलों से रहेगा। इसके अलावा वुलिंग एक्शियन आधारित इलेक्ट्रिक मॉडल में 69 किलोवाट-घंटा बैटरी पैक, लगभग 600 किलोमीटर की रेंज और 201 हॉर्सपावर की क्षमता मिलने की संभावना है। वहीं प्लग-इन हाइब्रिड संस्करण में 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर का संयोजन होगा।