शतक लगाते ही कोहली ने किया सचिन को सलाम, करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया

मुंबई । आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल मैच में विराट कोहली ने दमदार प्रदर्शन किया। कोहली ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के खिलाफ धमाकेदार शतक जमाया। यह उनका वनडे करियर का 50वां शतक रहा। इसके साथ कोहली ने मॉस्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जिनके नाम पहले वनडे में सबसे अधिक शतक थे। सचिन के नाम 49 वनडे शतक रहे। वहीं कोहली ने 291वें मैच में ही 50 शतक पूरे कर लिए।

हालांकि, शतक लगाते ही कोहली ने एक ऐसा नेक काम किया, जिसने करोड़ों क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। दरअसल, जैसे ही कोहली ने 42वें ओवर की चौथी गेंद पर अपना शतक पूरा किया, तब उन्होंने तेंदुलकर की ओर देखते हुए उन्हें झुककर सलाम किया। यह एक बड़ी बात है। सचिन भी यही चाहते थे कि उनका सर्वाधिक वनडे शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड कोई और नहीं, बल्कि कोई भारतीय बल्लेबाज ही तोड़े।

अब उनका यह सपना सच हो चुका है। कोहली ने 113 गेंदों में 117 रनों की पारी खेली, जिसमें 9 चौके व 2 छक्के शामिल रहे। विराट कोहली एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग (13704 रन) को पीछे छोड़ा। कोहली से अधिक रन अब सचिन तेंदुलकर (18426) और कुमार संगकारा (14234) के नाम पर दर्ज हैं। 




Subscribe to our Newsletter