कोहली की जबरा फैंन ने रचा दिया इतिहास.....चर्चा में श्रेयांका
Mar 19, 2024
नई दिल्ली । रॉयल चैंलेजर्स बेंगलोर (आरसीबी) पर आखिर भाग्य मुस्कुराया और टीम चैंपियन बन गई। डब्ल्यूपीएल के फाइनल में आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम की एलिस पैरी जहां सर्वाधिक 331 रन बनाकर ऑरेज कैप होल्डर बनीं, जबकि 21 साल की श्रेयांका पाटिल ने पर्पल कैप (8 मैच में 13 विकेट, औसत 12.08) के साथ एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बनकर अपने रुतबे को बढ़ाया। फाइनल में श्रेयांका ने 3.3 ओवर में 12 रन देकर चार विकेट लिए जिसमें विपक्षी कप्तान और टूर्नामेंट की नंबर 2 टॉप स्कोरर मेग लेनिंग का विकेट शामिल था।
सिलिकॉन वैली की श्रेयांका को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किए तीन माह ही हुए हैं, लेकिन अपने दमदार प्रदर्शन से उन्होंने ‘लंबी पारी’ खेलने का संकेत दिया है। दाएं हाथ की ऑफ स्पिनर और बैटर ने दो वनडे इंटरनेशनल में चार और छह टी20आई में आठ विकेट हासिल किए हैं। महज 10 लाख रुपये में आरसीबी से जुड़ीं श्रेयांका ने पहले सेशन में ही छह विकेट और अच्छे स्ट्राइक रेट से 62 रन बनाकर चमक दिखा दी थी। अपने दूसरे डब्ल्यूपीएल में आरसीबी को चैंपियन बनाने में अहम योगदान देने वाली श्रेयांका की नेटवर्थ करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है। विमेंस कैरेबियन प्रीमियर लीग में भाग लेने वाली श्रेयांका भारत की पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं। उन्होंने ऐसी पहली भारतीय खिलाड़ी बनकर इतिहास रचा है। जिसे इंटरनेशनल क्रिकेट में एंट्री से पहले ही किसी विदेशी लीग में करार की पेशकश की गई। 2023 के विमेंस कैरेबियन प्रीमियर लीग सीजन में श्रेयांका ने गुयाना अमेजन वारियर्स की ओर से खेलकर 5 मैच में 9 विकेट लिए थे और वे टूर्नामेंट की सबसे अधिक विकेट लेने वाली बॉलर थीं।
31 जुलाई 2002 को जन्मी श्रेयांका की वैसे बचपन से क्रिकेट में रुचि थी लेकिन आईपीएल देखने और विराट कोहली से मिलने के बाद उन्होंने इसमें करियर बनाने के बारे में गंभीरता से सोचा। श्रेयांका के पिता राजेश पाटिल बिजनेसमैन हैं। क्रिकेट में नाम कमाने के सपने को पूरा करने के उन्होंने क्रिकेट अकादमी में बेटी का दाखिला कराया। आरसीबी की ओर से ही खेलने वाले विराट कोहली की डाईहार्ड फैन श्रेयांका ने इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। दिसंबर 2023 में भारत के लिए टी20 और वनडे खेलकर श्रेयांका ने इंटरनेशनल डेब्यू किया है। भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने उन्हें कैप प्रदान किया था।