एलएसजी के नए सहायक कोच बने क्लूजनर

मुम्बई । लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 सत्र के लिए अपनी टीम को और बेहतर बनाने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर लांस क्लूजनर को अपना सहायक कोच बनाया है। क्लूजनर इस दौरान मुख्य कोच जस्टिन लैंगर के साथ काम करेंगे। गौतम गंभीर के कोच पद छोड़ने के कारण टीम ने  क्लूजनर को जोड़ा है। टीम में पहले से ही एक और सहायक कोच एस श्रीराम भी हैं। इस प्रकार अब दो सहायक कोच हो गये हैं। क्लूजनर विश्व के सबसे अच्छे ऑलराउंडर रहे हैं, ऐसे में उनके जुड़ने का लाभ टीम को सभी क्षेत्रों में मिलेगा। 

एलएसजी की टीम 2022 में आईपीएल से जुड़ने के बाद दोनों ही सत्र में प्लेऑफ में पहुंची है पर दोनों ही अवसरों पर एलिमिनेटर में हार के साथ ही बाहर हो गयी थी। लखनऊ की टीम आईपीएल के इस सत्र में अपना अभियान 24 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शुरू करेगी। ऐसे में उसका लक्ष्य जीत से शुरुआत करना रहेगा। क्लूजनर ने 1996 से 2004 के बीच दक्षिण अफ्रीका के लिए 49 टेस्ट और 171 एकदिवसीय मैच खेले हैं।

उन्हें कोचिंग का भी अच्छा खास अनुभव है।क्लूजनर इससे पहले एलएसजी की दक्षिण अफ़्रीकी फ्रेंचाइजी डरबन सुपर जायंट्स के मुख्य कोच भी रहे हैं। वह दिल्ली और त्रिपुरा की घरेलू टीमों के सलाहकार कोच भी रहे हैं। वह दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े रहने के अलावा मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच भी रहे थे। उनके मार्गदर्शन में ही गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने पिछले साल कैरेबियन प्रीमियर लीग में अपना पहला खिताब जीता था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वह दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बल्लेबाजी कोच रहने के अलावा अफगानिस्तान के मुख्य कोच भी रहे हैं। 


Subscribe to our Newsletter