ख्वाजा को मिला प्रधानमंत्री अल्बनीज का साथ , मानवीय मूल्यों को उठाने के लिए सराहा
Jan 03, 2024
सिडनी । ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की प्रशंसा ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने की है। ख्वाजा ने फिलिस्तानी लोगों का मामला उठाया था। जिसके लिए अल्बनीज ने उनकी पीठ थपथपाई और कहा कि उन्होंने मानवीय मूल्यों को उठाया है। हैरानी की बात है कि इसी मामले को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने ख्वाजा की आलोचना करते हुए उन्हें फटकार भी लगायी थी। अब अपने देश के प्रधानमंत्री के समर्थन से ख्वाजा उत्साहित हैं।
अल्बनीज ने सिडनी टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान क्रिकेट टीम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘ ख्वाजा ने मानवीय मूल्यों के लिए खड़े होने का जो साहस दिखाया उसके लिए मैं उन्हें बधाई देना चाहता हूं।’
गौरतलब है कि ख्वाजा ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच के दौरान बांह में काली पट्टी बांध कर उतरे थे। उन्होंने ऐसा इजरायल-फिलीस्तीन संघर्ष में मारे जा रहे फिलिस्तीनियों के प्रति संवेदना जताने के लिए किया था। वहीं इसको लेकर आईसीसी ने मैच के बाद ख्वाजा को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा था कि वह बिना अनुमति के ऐसा नहीं कर सकते। वहीं ख्वाजा का कहना था कि वे किसी का समर्थन या विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि मानवीय मूल्यों के प्रति संवेदना जगाने के लिए कर रहे हैं।