केशव ने बांग्लादेश के खिलाफ अंतिम ओवर में दक्षिण अफ्रीका को जीत दिलायी
Jun 11, 2024
सुपर आठ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी
न्यूयार्क। केशव महाराज के शानदार प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने एक रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश को हरा दिया। इसी के साथ ही दक्षिण अफ्रीकी टीम सबसे पहले सुपर आठ में पहुंच गयी है। इस मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 113 रन बनाए। इसके बाद बांग्लादेश की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 109 रन ही बना पायी। केशव इस मैच के हीरो रहे उन्होंने अंतिम ओवर में छह रन देकर दो विकेट लिए और अपनी टीम को चार रनों से जीत दिला दी।
114 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने 50 रन के अंदर ही 4 विकेट गंवा दिए1 इसके बाद तौहीद हृदय 37 और महमूदुल्लाह 20 ने पारी संभाली। तौहीद के आउट होने के बाद बांग्लादेश को जीत के लिए 17 गेंद पर 20 रन की जरूरत थी। इसके बाद महमूदुल्लाह और जाकेर अली 8 टीम को 102 रन तक लाए। बांग्लादेश को अंतिम ओवर में जीत के लिए 6 गेंद पर 11 रन बनाने थे। ऐसे में केशव महाराज मैच का आखिरी ओवर लेकर आए। केशव की पहली गेंद वाइड रही और दूसरी गेंद पर महमूदुल्लाह सिर्फ एक रन बना सके। अब क्रीज पर जाकेर आए और उन्होंने अगली गेंद पर 2 रन बनाए। अब बांग्लादेश को आखिरी 4 गेंद पर जीत के लिए बनाने थे 7 रन। तभी केशव ने जाकेर को कैच कराकरन मैच बदल दिया।
बांग्लादेश को आखिरी तीन गेंद पर जीत के लिए 7 रन चाहिए थे। केशव ने 20वें ओवर की चौथी गेंद फेंकी, जिस पर बांग्लादेश ने एक रन बनाया। अब क्रीज पर थे महमूदुल्लाह और बांग्लादेश को जीत के लिए चाहिए थे छह रन बड़े शॉट खेलने में माहिर महमूदुल्लाह ने बाउंड्री के बाहर शॉट खेलने को सोचा लेकिन वे भी जाकेर की तरह लॉन्गऑन पर कैच हो गये। इसके बाद अंतिम गेंद पर बांग्लादेश के बल्लेबाज तस्कीन अहमद के पास यह अवसर था कि वे छक्का मारकर अपनी टीम को जिता दें पर वह एक ही रन बना पाये। इस प्रकार केशव के चमत्कार से दक्षिण अफ्रीका ने ये मुकाबला जीत लिया।