टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड की कप्तानी करेंगे केन विलियम्सन
Apr 29, 2024
15 सदस्यीय टीम में कॉन्वे सहित दिग्गजों की वापसी
क्राइस्टचर्च । न्यूजीलैंड ने जून में अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्वकप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। इस टीम की कप्तान अनुभवी बल्लेबाज केन विलियमसन को दी गयी है। इसके अलावा चोट से उबर गये डेवोन कॉन्वे की भी टीम में वापसी हुई है। टीम के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने कहा कि अमेरिका और वेस्टइंडीज के अलग-अलग हालातों को देखते हुए ही टीम घोषित की गयी है।
स्टीड ने कहा, मैं चुने गए सभी खिलाड़ियों को बधाई देना चाहता हूं। ये वो खास खिलाड़ी हैं जो विश्व कप टूर्नामेंट में अपने देश का प्रतिनिधित्व करते दिखेंगे। हम उम्मीद करते हैं कि वेस्टइंडीज में हालात काफी अलग और चुनौतीपूर्ण होंगे। हमने उनके अनुसार ही अपनी टीम का चयन किया है। इस टीम में उनकी अनुभवी खिलाड़ियों की भी वापसी हुई है जो आईपीएल के कारण पाकिस्तान दौरे से बाहर रहे हैं। इस टीम में कॉन्वे और एलेन को पारी की शुरुआत की जिम्मेदारी दी जाएगी। वहीं, विलियम्सन तीसरे और रचिन रविन्द्र चौथे नंबर पर उतरेंगे। स्पिन की कमान ब्रेसवेल, सेंटनर और सोढ़ी के पास रहेगी। वहीं तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी अनुभवी साउदी, हेनरी और फर्ग्यूसन के पास रहेगी। डेरिल चौथे तेज गेंदबाज की जिम्मेदारी संभालेंगे। कीवी टीम अपने अभियान की शुरुआत सात जून को अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी।
न्यूजीलैंड की टी20 विश्व कप टीम
केन विलियम्सन (कप्तान), फिन एलेन, ट्रेंट बोल्ट, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, लोकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, डेरिल मिचेल, जिमी नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिचेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी।