जूनियर खिलाड़ी नहीं ले जगह, इस कारण सीनियर खिलाड़ी नहीं ले रहे ब्रेक
Mar 19, 2024
तेज गेंदबाज नसीम शाह ने दिया बयान
कराची । तेज गेंदबाज नसीम शाह ने पाकिस्तानी टीम में असुरक्षा के माहौल पर खुलकर कर कहा कि सीनियर खिलाड़ी थके होने के बावजूद ‘ब्रेक नहीं लेते हैं, क्योंकि उन्हें डर रहता है कि उनकी जगह कोई जूनियर खिलाड़ी ले लेगा। शाह कंधे की चोट के कारण पिछले साल भारत में वनडे विश्व कप में नहीं खेल पाए थे। उन्होंने कहा कि चोट के कारण टीम से बाहर होने पर उन्हें भी अपनी जगह गंवाने का डर था।
शाह ने कहा, ईमानदारी से कहूं तब प्रमुख खिलाड़ी अपने शरीर को आराम देने से डरते हैं, जबकि जानते हैं कि उन्हें ब्रेक की जरूरत है, क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट का माहौल इस तरह से है कि अगर कोई नया खिलाड़ी आता है तथा एक या दो मैच में अच्छा प्रदर्शन करता है, तब फिर आप नहीं जानते कि वह टीम में स्थायी तौर पर आपकी जगह ले लेगा।
नसीम ने कहा कि सीनियर खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन, चयनकर्ताओं और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच स्पष्टता और बेहतर संवाद स्थापित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, अन्य देशों में अगर किसी प्रमुख खिलाड़ी को विश्राम दिया जाता है तो उसे आश्वासन दिया जाता है कि अगर उनकी जगह चुना गया खिलाड़ी एक या दो मैच में अच्छा प्रदर्शन करेगा, तब भी उन्हें टीम से बाहर नहीं किया जाएगा।