जूनियर द्रविड़-सहवाग आमने-सामने : बीसीसीआई अंडर-16 प्रतियोगिता में होगा मुकाबला

विजयवाड़ा । लगभग एक दशक बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के स्कोर कार्ड में भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गजों (वीरेंद्र) सहवाग और (राहुल) द्रविड़ के नाम दिखाई देने वाले हैं। कर्नाटक और दिल्ली के बीच शुरू हुए विजय मर्चेंट ट्रॉफी राष्ट्रीय अंडर-16 प्रतियोगिता में द्रविड़ और सहवाग आमने-सामने हैं। कर्नाटक की अंडर-16 टीम के कप्तान अन्वय द्रविड़ और दिल्ली के सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग इस मैच में अपनी राज्य टीमों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पहले दिन के खेल में हालांकि जूनियर द्रविड़ का बल्ला नहीं चला और वह खाता भी नहीं खोल सके, जबकि जूनियर सहवाग 50 रन बनाकर खेल रहे हैं। अन्वय पूर्व भारतीय कप्तान और वर्तमान में मुख्य कोच द्रविड़ के छोटे बेटे हैं। वह टीम के विकेटकीपर भी हैं। सहवाग के बड़े बेटे आर्यवीर अपने पिता की तरह ही आक्रामक सलामी बल्लेबाज हैं। भारतीय क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी के लिए यह साल अच्छा रहा है। अर्जुन तेंदुलकर ने इस वर्ष आईपीएल में पदार्पण किया और अब वह गोवा से खेल रहे हैं।

दूसरी ओर द्रविड़ के बड़े बेटे समित ने कूच बेहार ट्रॉफी राष्ट्रीय अंडर-19 प्रतियोगिता में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व किया। दिल्ली और कर्नाटक के बीच मंगलागिरी के आंध्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में चल रहे अंडर-16 मैच में कर्नाटक की टीम 56.3 ओवर में 144 रन पर आउट हो गई। 5वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे अन्वय अपना खाता भी नहीं खोल पाए। उन्हें दिल्ली के सबसे सफल गेंदबाज आयुष लाकड़ा ने बोल्ड किया। इसके जवाब में दिल्ली ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 30 ओवर में एक विकेट पर 107 रन बनाए हैं। आर्यवीर 98 गेंद पर 50 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया है। 


Subscribe to our Newsletter