जडेजा आईपीएल में ये रिकार्ड अपने नाम करने वाले पहले क्रिकेटर बने

चेन्नई । ऑलराउंडर रविन्द्र जडेजा के नाम आईपीएल में कई उपलब्धियां हैं। जडेजा ने कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मैच में एक कैच लेते ही अपने 100 कैच पूरे किये। इसी के साथ ही जडेजा आईपीएल इतिहास के ऐसे पहले क्रिकेटर बन गए हैं, जिन्होंने 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं, 100 से ज्यादा विकेट लिए हैं और 100 कैच भी लिए हैं। आईपीएल 2024 का 22वां मैच गत दिवस सीएसके ओर केकेआर के बीच हुआ था। केकेआर की टीम इस मैच में निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 137 रन ही बना पायी। वहीं सीएसके ने इसके बाद 17.4 ओवर में ही 3 विकेट पर 141 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस दौरान जडेजा को उनके ऑलराउंड खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला। 

जडेजा ने केकेआर के खिलाफ 3 विकेट लिए। उन्होंने अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर अंगकृष रघुवंशी को पेवेलियन भेजा। जडेजा ने इसी ओवर में सुनील नरेन को भी आउट किया। जडेजा ने अपने अगले ही ओवर में वेंकटेश अय्यर का विकेट लिया। जडेजा ने इसी मैच में केकेआर के कप्तान श्रेयस अय्यर को भी आउट किया। जडेजा आईपीएल के पहले सीजन से ही इस टूर्नामेंट में खेल रहे हैं।

उन्होंने साल 2008 में आईपीएल की शुरुआत से ही अब तक आईपीएल में 231 मैच खेले हैं। जडेजा ने इन मैचों में 2776 रन बनाने के अलावा 156 विकेट भी लिए हैं। उन्हें सीएसके की कप्तानी का भी अवसर मिला था पर वह उसमें असफल रहे थे।


Subscribe to our Newsletter