आईपीएल 2024 : सीएसके को हराकर सनराइजर्स ने दर्ज की इस सत्र की दूसरी जीत
Apr 06, 2024
नई दिल्ली । सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2024 में गत विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) को 6 विकेट से हराकर आईपीएल में एक बार फिर लय हासिल कर ली है। इस मैच में जीत के लिए मिले 166 रन के लक्ष्य को सनराइजर्स ने 18.1 ओवर में 4 विकेट पर ही हासिल कर लिया। सीएसके की यह 4 मैचों में दूसरी हार है जबकि सनराइजर्स की दूसरी जीत है। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से जीत में एडेन मार्करम ने अहम भूमिका निभाई। मार्करम ने 36 गेंदों पर सबसे ज्यादा 50 रन बनाए।
इस सत्र में अपना पहला मैच खेलने उतरे नीतीश रेड्डी ने छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिलायी। नीतीश ने दीपक चाहर को पारी के 19वें ओवर की पहली गेंद पर ही छक्का लगा दिया। वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत की। अभिषेक ने 12 गेंदों पर 37 रन बनाये। उन्होंने 308 के स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए। अभिषेक ने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाये। उन्हें दीपक चाहर ने जडेजा के हाथों कैच कराया।
वहीं सीएसके की ओर से शिवम दुबे ने 45 रन बनाये। सनराइजर्स हैदराबाद की कसी हुई गेंदबाजी से सीएसके की टीम 5 विकेट पर 165 रन ही बना पायी। अजिंक्य रहाणे ने 35 जबकि रविंद्र जडेजा ने नाबाद 31 रन बनाए। वहीं कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने भी 26 रन बनाये।
सनराइजर्स की ओर से टी नटराजन, भुवनेश्वर कुमार, पैट कमिंस, शाहबाज अहमद और जयदेव उनादकट ने एक-एक विकेट लिया।