पेरिस ओलंपिक के लिए कोटा हासिल करने का प्रयास करेंगे विनेश सहित भारतीय पहलवान
Apr 19, 2024
नई दिल्ली । विनेश फोगाट सहित कई शीर्ष भारतीय पहलवान आज से यहां शुरु हो रहे एशिया ओलंपिक क्वालीफायर में जीत के साथ ही पेरिस ओलंपिक के लिए कोटा हासिल करने का प्रयास करेंगे। वहीं भारतीय पहलवान दीपक पूनिया 86 किग्रा और सुजीत कलकल 74 किग्रा दुबई एयरपोर्ट पर फंस गये हैं इससे भी भारत की संभावनाओं को झटका लगा है। वहीं अन्य 15 पहलवान बिश्केक पहुंच गये हैं। इस प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल, महिला और ग्रीको-रोमन में कुल 36 कोटा स्थानों के लिए पहलवान उतरेंगे।
महिला वर्ग में विनेश 50 किग्रा, रीतिका हुड्डा 76 किग्रा, अंशु 57 किग्रा, मानसी 62 किग्रा और निशा 68 किग्रा पर बेहतर प्रदर्शन की जिम्मेदारी है। इन क्वालीफायर मुकाबलों में विनेश पर सबकी नजरें रहेंगी। इस खिलाड़ी ने 50 किग्रा में राष्ट्रीय चयन ट्रायल जीता था। उसने पटियाला में हुए इस चयन ट्रायल में 53 किग्रा वर्ग में भी प्रतिस्पर्धा की थी हालांकि उसे हार का सामना करना पड़ा था। ,
वहीं पुरुषों के फ्रीस्टाइल वर्ग में, अमन सहरावत 57 किग्रा के अलावा दीपक पूनिया और सुजीत भी पेरिस ओलंपिक के लिए कोटा हासिल करने का प्रयास करेंगे। महाद्वीपीय क्वालीफायर में स्वर्ण पदक, रेपेचेज या कांस्य पदक के लिए मुकाबला नहीं होगा। प्रत्येक ओलंपिक भार वर्ग में दोनों सेमीफाइनल के विजेता पेरिस खेलों के लिए अपने देशों के लिए कोटा अर्जित करेंगे।