राशिद, नबी सहित अफगानिस्तान के इन खिलाड़ियों पर भारतीय टीम को लगाना होगा अंकुश
Jan 09, 2024
मुम्बई । भारत और अफगानिस्तान के बीच 11 जनवरी से मोहली में शुरु हो रही तीन मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम जीत की प्रबल दावेदार रहेगी पर उसे स्पिनर राशिद खान , मोहम्मद नबी सहित पांच खिलाड़ियों से सावधान रहना होगा। ये खिलाड़ी मैच विजेता है और कभी भी बाजी पलट सकते हैं। इसी कारण अफगान टीम के सामने कई बड़ी टीमें उलटफेर का शिकार हुई हैं।
इब्राहिम जादरान : अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने भारत के खिलाफ अब तक एक ही टी20 खेला है पर उन्हें कम नहीं आंका जा सकता। भारतीय टीम के खिलाफ डेब्यू टी20 मैच में ही उन्होंने 64 रनों की नाबाद पारी खेली थी। यह उनके टी20 करियर का शीर्ष स्कोर भी है।
राशिद खान : वहीं दिग्गज स्पिनर राशिद को सभी जानते हैं कि वह क्या कर सकते हैं। राशिद टी20 क्रिकेट के ऐसे अकेले गेंदबाज रहे हैं, जिन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को आईपीएल में खूब परेशान किया था हालांकि भारतीय टीम के खिलाफ खेलते समय वह अब तक नहीं चले हैं। अब तक राशिद ने भारत के खिलाफ 2 टी20 खेले हैं लेकिन एक भी विकेट उन्हें नहीं मिला है हालांकि उनके ओवरऑल टी20 आंकड़े काफी अच्छे रहे हैं। अब तक 82 टी20 मैच में उन्होंने 130 विकेट लिए हैं। ऐसे में टीम इंडिया को उनसे सावधान रहना होगा।
रहमानुल्लाह गुरबाज : इसके अलावा बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने भी भारत के खिलाफ आज तक एक ही मैच खेला है. उस मैच में उन्होंने 21 रन बनाए थे पर हाल में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। पिछले महीने उन्होंने यूएई के खिलाफ शतक भी लगाया था। ऐसे में भारतीय गेंदबाजों को उनपर अंकुश लगाना होगा।
हजरतउल्लाह जजई : सलामी बल्लेबाज हजरतउल्लाह जजई के आंकड़े भी जबरदस्त रहे हैं। टी20 में पिछले कुछ समय में उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। अबतक जजई ने 41 मैचों में 1092 रन बनाये हैं पर भारतीय टीम के खिलाफ अब तक वह नाकाम रहे हैं।
मोहम्मद नबी : इसके अलाव ऑलराउंडर मोहम्मद नबी भी भारतीय टीम के लिए मुश्किल पैदा कर सकते हैं। उनका प्रदर्शन आईपीएल में अच्छा रहा है पर भारत के खिलाफ टी20 मैच में वह प्रभावी नहीं रहे हैं। उनके टी20 आंकड़े अच्छे हैं। उन्होंने अब तक बल्लेबाजी करते हुए वह 104 पारियों में 1855 रन और 88 विकेट लिए हैं।