भारतीय टीम अपने दौरे में ऑस्ट्रेलिया ‘ए से भी खेलेगी : सीए

मेलबर्न । क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने कहा है कि इस साल के अंत में होने वाले भारतीय टीम के दौरे में उसका मुकाबला ऑस्ट्रेलियाई ‘ए टीम से भी होगा। भारतीय टीम नवंबर में होने वाले इस दौरे में ऑस्ट्रेलिया ‘ए के साथ  दो प्रथम श्रेणी मैच खेलेगी। सीए ने कहा कि ये मुकाबले 31 अक्टूबर से तीन नवंबर तक मैकाय के ग्रेट बैरियर रीफ एरेना और सात से 10 नवंबर तक मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर खेले जाएंगे। 

इन अभ्यास मैचों से दोनों टीमों के उभरते हुए खिलाड़ियों को टेस्ट टीम में जगह बनाने का अवसर भी मिलेगा। सीए के क्रिकेट संचालन और कार्यक्रम प्रमुख पीटर रोच ने कहा, ‘नवीनीकृत ग्रेट बैरियर रीफ एरेना और एमसीजी में इन ए मैचों की मेजबानी अहम रहेगी। इससे दोनों टीम के उभरते हुए खिलाड़ियों को चयन के लिए दावेदारी का अवसर भी मिलेगा। 

भारतीय टीम इस दौरे में 17 नवंबर से वाका मैदान पर आपस में ही तीन दिवसीय मैच भी खेलेगी। भारतीय टीम ने साल 2020-21 में भी अपने दौरे पर ऑस्ट्रेलिया ‘ए से मैच खेले थे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरुआती टेस्ट 22 नवंबर से पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा। यह 1991-92 सत्र के बाद पहली बार होगा जब इस सीरीज को पांच टेस्ट तक बढ़ाया गया है। 

रोच ने कहा, ‘इस सीरीज के दौरान महिला एकदिवसीय मुकाबले भी खेले जाएंगे क्योंकि भारतीय महिला क्रिकेट टीम भी इसी समय दौरे पर रहेगी। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया ‘ए और भारत ‘ए के दो अहम मैच भी प्रशंसकों को देखने के लिए मिलेंगे। ऑस्ट्रेलिया ने 2017 के बाद से बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी नहीं जीती है।


Subscribe to our Newsletter