विश्वकप में भारतीय टीम का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से
Oct 04, 2023
मुम्बई । आईसीसी क्रिकेट विश्वकप गुरुवार से अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में शुरु होगा। इसमें भारतीय टीम का पहला मुकाबला पांच बार की विजेता ऑस्ट्रेलिया से आठ अक्टूबर को चेन्नई में होगा। भारतीय टीम इस मुकाबले में बिना किसी अभ्यास मैच के उतर रही है क्योंकि उसके मुकाबले बारिश के कारण नहीं हो पाये थे।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2:00 बजे से खेला जाएगा। भारत सहित सभी टीमें लीग स्टेज में 9 मैच खेलेंगी। दोनों टीमें एकदिवसीय विश्व कप में अभी तक 12 बार टकरायी हैं। इसमें ऑस्ट्रेलिया 8 जबकि टीम इंडिया 4 बार विजेता रही है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अभी तक 149 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। इसमें भारत ने 56 मुकाबले जीते हैं जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 86 मैचों में भारत को हराया है जबकि 10 मैचों का परिणाम नहीं निकला है। वहीं भारतीय टीम ने अपनी धरती पर ऑस्ट्रेलिया से 70 एकदिवसीय मैच खेले हैं इसमें से भारतीय टीम ने 32 जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 33 मैच जीते हैं। वहीं पांच मैचों का कोई परिणाम नहीं निकला है।