इस साल टी-20 विश्वकप जीतना रहेगा भारतीय टीम का लक्ष्य

सूर्या, रिंकू और ईशान सहित प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से रहेंगी उम्मीदें 

नई दिल्ली । भारतीय टीम अब इस नये साल में टी-20 क्रिकेट विश्वकप जीतने के इरादे से उतरेगी। भारतीय टीम का लक्ष्य दूसरी बार इस खिताब को जीतना रहेगा। इससे पहले भारतीय टीम ने टी-20 खिताब 2007 में जीता था। पिछले एक दशक से भारतीय टीम कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत पायी है। भारतीय टीम इंडिया ने पिछले कुछ साल में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है, इस आधार पर उसे इस बार खिताबी जीत का भरोसा है। भारतीय टीम ने साल-2023 में सात में से पांच द्विपक्षीय सीरीज जीती थीं। वहीं उसे केवल एक में ही हार का सामना करना पड़ा था जबकि एक सीरीज बराबरी पर रही थी। 

भारतीय टीम को अगर जीत दर्ज करनी है तो सभी खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। भारतीय टीम के प्रशंसकों को युवा क्रिकेटरों की बदौलत दूसरे बार ये खिताब जीतने की उम्मीद है। इसके लिए टीम के फिनिशरों को अपनी भूमिका ठीक से निभानी होगी। अनुभवी सूर्यकुमार यादव ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी शैली से इस प्रारुप में शीर्ष स्थान हासिल किया है। अब तक 60 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उनके नाम 45.55 के औसत से 2141 रन हैं। ऐसे में उनके ऊपर टी20 विश्वकप में बेहतर प्रदर्शन का दारोमदार होगा। सूर्या के अलावा यशस्वी जायसवाल, रुतुराज गायकवाड, शुभमान गिल , ईशान किशन, रिंकू सिंह, और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों के बल पर भारतीय टीम खिताबी जीत की प्रबल दावेदार रहेगी। 


Subscribe to our Newsletter