भारतीय फुटबॉल टीम बेहतर हो रही : कोच
Oct 16, 2023
नई दिल्ली : भारतीय फुटबॉल टीम के कोच इगोर स्टिमक ने कहा है कि किंग्स कप में उनकी टीम का प्रदर्शन ठीक था। इसमें टीम को कई खराब फैसलों से नुकसान भी रहा। इराक के खिलाफ किंग्स कप के सेमीफाइनल में उनकी टीम को रेफरी के खराब फैसलों से ही हार झेलनी पड़ी थी। स्टिमक ने सोशल मीडिया पर टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए लिखा कि ऐसा भी दिन आयेगा जब रेफरी का विवादित फैसला भी हमें जीत दर्ज करने से नहीं रोक पायेगा।
उन्होंने लिखा कि हमारे खिलाड़ियों ने मैदान पर अपना सबकुछ झोक दिया और मुझे उन पर बहुत गर्व है। किसी ने उन्हें जीतने नहीं देने का फैसला किया था पर आने वाले समय में हमारी टीम को कोई जीत से नहीं रोक पायेगा।
उस मैच में भारतीय टीम 79वें मिनट तक 2-1 से आगे थी जब रेफरी ने इराक को पेनल्टी दी। इराक के स्ट्राइकर ऐमेन गाधबान बाक्स में 2 डिफेंडरों से टकरा गए थे। यह पेनल्टी बन नहीं रही थी पर ऐमेन ने इस पर गोल दागकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। फीफा रैंकिंग में इराक 70 वें स्थान पर है जबकि भारतीय टीम 99वें स्थान पर है। उस मैच में महेश नाओरेम ने 16वें मिनट में भारत को बढ़त दिलाई।