भारतीय तेज गेंदबाजों ने मैच में शानदार वापसी की: मिचेल
Oct 24, 2023
धर्मशाला । न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने कहा है कि भारतीय टीम के तेज गेंदबाजों ने मैच में अंतर पैदा किया। इसी कारण हमें हार का सामना करना पड़ा। मिचेल ने कहा कि जिस प्रकार से भारतीय खिलाड़ियों ने अंतिम दस ओवरों में वापसी की उसकी जितनी तारीफ की जाये कम है। इस मैच में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने मध्य और निचले क्रम के बल्लेबाजों समेट कर कीवी टीम को बढ़ा स्कोर बनाने से रोका था।
भारतीय तेज गेंदबाजों की शानदार वापसी से ही न्यूजीलैंड टीम 50 ओवरों में 273 रन ही बना पायी। ऐसे में भारतीय टीम ने दो ओवर पहले ही मैच जीत लिया। मिचेल ने कहा, हम जानते थे कि भारत के पास अंतिम ओवरों के लिए बेहतरीन गेंदबाज हैं। हमने 30 से 35 ओवर तक मैच में अपनी पकड़ मजबूत रखी। हालांकि, अंत में मुझे लगा कि भारत ने जिस तरह से गेंदबाजी की वह स्पष्ट रूप से बहुत विशेष थी और यही कारण है कि हम मैच में पिछड़ गये। शमी के अलावा बुमराह और सिराज ने भी काफी अच्छी गेंदबाजी की थी। जिस तरह से उन्होंने विकेट लिए और 40 ओवरों के आस-पास हमें हमें थोड़ा पीछे कर दिया वो शानदार वापसी थी। मिचेल ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 127 गेंदों में 130 रन बनाए उनकी रचिन रवींद्र के साथ 159 रनों की अहम साझेदारी भी हुई थी।