विश्व एथलेटिक्स में भारत की प्रियंका को मिला सातवां स्थान
Mar 04, 2024
बीजिंग । भारत की प्रियंका गोस्वामी ने चीन में जारी विश्व एथलेटिक्स पैदल चाल टूर में सातवां स्थान हासिल किया है। प्रियंका ने एक घंटे 29 मिनट और 48 सेकेंड का समय लिया। यह देश के बाहर उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होने के साथ ही करियर का तीसरा सर्वश्रेष्ठ समय है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन साल 2021 में 1:28:45 सेकेंड (राष्ट्रीय रिकॉर्ड) और 2023 में 1:28:50 सेकेंड का रहा था। इस प्रतियोगिता में पैदल चाल स्पर्धा की शीर्ष एथलीट शामिल रहीं थीं। इस एथलीट ने विश्व एथलेटिक्स पैदल चाल टूर में तीसरा व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं 20 किमी में वह सातवें स्थान पर रहीं।
इसमें शीर्ष छह में पांच स्थान चीनी एथलीटों को मिले। इसमें एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता झेनजिया एमए ने 1:26:07 सेकेंड का समय निकलाकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं चीन की ही जियायु यांग 1:26:07 सेकंड का समय निकालकर दूसरे स्थान पर रहीं जबकि 2020 तोक्यो ओलंपिक की कांस्य विजेता हांग लियू 1:26:47 सेकंड का समय निकाल कर तीसरे स्थान पर रहीं। गौरतलब है कि प्रियंका आगामी गोस्वामी पेरिस ओलंपिक की तैयारी के लिए पिछले दो महीनों से ऑस्ट्रेलिया में कैनबरा के पास ऊंचाई पर बने ट्रेनिंग सेंटर में पैदल चाल कोच ब्रेंट वालेंस के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग ले रही थीं।