भारत के अर्जुन और सुनील ने जीता कांस्य
Oct 03, 2023
एशियाई खेलों की कैनो डबल 1000 मीटर स्पर्धा
हांगझोऊ । भारत के अर्जुन सिंह और सुनील सिंह की जोड़ी ने मंगलवार को एशियाई खेलों में पुरुषों की कैनो डबल 1000 मीटर स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा किया। अर्जुन सिंह और सुनील की जोड़ी ने फाइनल में 3:53.329 का समय निकाला। गौरतलब है कि एशियाई खेलों की शुरुआत से अब तक के आंकड़े देखें ता यह भारत का दूसरा कैनो पदक था।
इससे पहले जॉनी रोमेल और सिजी कुमार सदानंदन ने साल 1994 के एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था। वहीं उज्बेकिस्तान के शोखमुरोड खोलमुराडोव और नूरिसलोम तुखतासिन उगली ने 3:43.796 का समय निकालकर पहला स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण जबकि कजाकिस्तान के टिमोफ़े और सर्गेई येमेल्यानोव की जोड़ी ने 3:49.991 का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत अपने नाम किया।