
भारत अब दुनिया की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति है, यह मामूली उपलब्धि नहीं: आनंद महिन्द्रा
May 26, 2025
- जश्न के साथ-साथ आगे की चुनौतियों पर भी ध्यान देना जरूरी
मुंबई । उद्योगपति आनंद महिन्द्रा ने एक्स पर दुनिया की टॉप 10 अर्थव्यवस्थाओं की सूची साझा करते हुए अपने बिजनेस स्कूल के दिनों को याद किया। उन्होंने लिखा, जब मैं बिजनेस स्कूल में था, तब भारत का जीडीपी में जापान से आगे निकलना महज़ एक कल्पना जैसा लगता था। आज यह मील का पत्थर हकीकत बन चुका है- भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति है। यह एक मामूली उपलब्धि नहीं है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस उपलब्धि पर जश्न के साथ-साथ आगे की चुनौतियों पर भी ध्यान देना जरूरी है। खासकर प्रति व्यक्ति आय को बढ़ाना अगला बड़ा लक्ष्य होना चाहिए।
इसके लिए उन्होंने इन्फ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में सुधार की निरंतर आवश्यकता बताई। इस रिपोर्ट को लेकर नीति आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी कहा कि भारत की इकोनॉमी अब 4 ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो चुकी है। यह कोई अनुमान नहीं, बल्कि आईएमएफ के आधिकारिक डेटा पर आधारित है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगर भारत की यही रफ्तार बनी रही, तो अगले 2-3 वर्षों में भारत जर्मनी को पछाड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।