भारत-इंग्लैंड पहला टेस्ट आज से
Jan 24, 2024
रजत पाटीदार करेंगे पदार्पण
हैदराबाद । यहां के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में गुरुवार से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट शुरु होगा। इस सीरीज में दोनो ही टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। भारतीय टीम को घरेलू मैदानों का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही उसे प्रशंसकों का भी समर्थन मिलेगा। भारतीच पिचें स्पिनरों की सहायक होती हैं। जिससे भी टीम को लाभ होगा। कप्तान रोहित शर्मा की टीम इस सीरीज को हर हाल में जीतना चाहेगी।
भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली इस टेस्ट में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह रजत पाटीदार को अवसर मिला है। पाटीदार का घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकार्ड रहा है। वहीं केएल राहुल इस सीरीज में बल्लेबाज के तौर पर खेलेंगे। विकेटकीपर के तौर पर केएस भरत या ध्रुव जुरेल में से किसी एक को मौका मिलेगा। भारतीय बल्लेबाजी रोहित के अलावा राहुल और यशस्वी जायसवाल , शुभमन गिल जैसे बल्लेबाजों पर आधारित रहेगी। वहीं स्पिन की जिम्मेदार आर अश्विन , रविन्द्र जडेजा और कुलदीप यादव पर रहेगी। तेज गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह संभालेंगे।
पांच मैचों की ये सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में जगह बनाने को देखते हुए भी बेहद अहम है। ऐसे में इंग्लैंड भी इसमें जीत के लिए कोई कसर नहीं रखेगी।
आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत और इंग्लैंड के बीच अभी तक कुल 131 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। इसमें से 50 मुकाबले इंग्लैंड की टीम ने जबकि भारतीय टीम ने केवल 31 मैच जीते है। वहीं 50 मैच ड्रॉ रहे हैं। इस प्रकार मेहमान टीम का पलड़ा भारी नजर आता है पर टीम इंडिया ने अपने घरेलू मैदान पर कुल 22 मैचों में जीत दर्ज की। वहीं भारत को इंग्लैंड में कुल 9 मुकाबलों में जीत मिली है। इंग्लैंड को अपने घरेलू मैदान पर कुल 36 मुकाबले में जीत मिली है, जबकि भारत में 14 मुकाबले में जीत मिली है।
वहीं भारत में स्पिन पिचों को देखते हुए बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम ने पहले टेस्ट के लिए तीन स्पिनरों और एक तेज गेंदबाज को शामिल किया है। यहां तक कि तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को भी जगह नहीं मिली है।
रेहान अहमद, जैक लीच और टॉम हार्टले स्पिन की जिम्मेदारी संभालेंगे। तेज गेंदबाज के रूप में उन्होंने सिर्फ मार्क वुड को ही टीम में जगह दी है। हार्टले इस मैच से टेस्ट डेब्यू करेंगे।
इंग्लैंड ने बेन फॉक्स को भी टीम में जगह दी है। यानी वह टीम के लिए बतौर विकेटकीपर खेलेंगे और जॉनी बेयरस्टो टीम में एक बल्लेबाज के रूप में खेलेंगे। टीम में प्रमुख बल्लेबाज जो रुट भी शामिल हैं।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं
भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, आवेश खान।
इंग्लैंड टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान) , जैक क्रॉउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन फॉक्स (विकेटकीपर), रेहान अहमद, मार्क वुड, टॉम हार्टले और जैक लीच।